मुख्यपृष्ठनए समाचारमुंबई हाई कोर्ट ने भाजपा नेताओं को फटकारा...`राजनीति क्यों करते हो? दीया...

मुंबई हाई कोर्ट ने भाजपा नेताओं को फटकारा…`राजनीति क्यों करते हो? दीया मिर्जा का वीडियो दोबारा अपलोड करो!’

सामना संवाददाता / मुंबई

अभिनेत्री दीया मिर्जा ने मुंबईकरों से पटाखों से होने वाले वायु और ध्वनि प्रदूषण को रोकने की अपील क्या की, इस पर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया। भाजपा नेताओं की आपत्ति के बाद मुंबई मनपा ने उनका वीडियो सोशल मीडिया से हटा दिया, लेकिन अब मुंबई हाई कोर्ट ने इस पूरे घटनाक्रम पर कड़ी नाराजगी जताते हुए भाजपा नेताओं को फटकार लगाई है और कहा कि राजनीति क्यों करते हो? दीया मिर्जा का वीडिया दोबारा अपलोड करो।
मंगलवार को न्यायमूर्ति गिरिश कुलकर्णी और न्यायमूर्ति नीला गोखले की खंडपीठ ने कहा कि सार्वजनिक हित के अभियान में शामिल होकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाले कलाकारों को लेकर की गई टिप्पणियों से अदालत आहत है। अदालत ने कहा कि इस अभियान को राजनीतिक या गुटबाजी का रंग देना दुर्भाग्यपूर्ण है। हाई कोर्ट ने कहा कि मुंबई शहर आपसी भाईचारे और एकजुटता की भावना पर टिका है। पर्यावरण संरक्षण जैसे गंभीर मुद्दे को किसी दूसरे विवाद में नहीं उलझाया जाना चाहिए। हर जाति और धर्म का व्यक्ति ऐसे अभियान का हिस्सा बन सकता है। आखिर सभी लोग एक ही हवा में सांस लेते हैं। अदालत ने मनपा को सुझाव दिया कि दीया मिर्जा का हटाया गया वीडियो दोबारा अपलोड करना उचित होगा, ताकि लोगों का संविधान और सामाजिक व्यवस्था पर भरोसा कायम रहे।
दरअसल, मनपा ने मुंबई हाई कोर्ट के निर्देशों के बाद पटाखों से होने वाले प्रदूषण के खिलाफ जागरूकता अभियान शुरू किया था। इसके लिए दीया मिर्जा, माधुरी दीक्षित और क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे सहित कई हस्तियों की मदद ली गई थी, लेकिन बीजेपी मुंबई अध्यक्ष अमित साटम ने दीया मिर्जा के वीडियो पर आपत्ति जताते हुए कहा था कि मुंबईकरों को दिवाली मनाने का तरीका सिखाने की जरूरत नहीं है। इसके बाद मनपा ने वीडियो हटा दिया। मुंबई की महापौर रितु तावडे ने भी अभिनेत्री पर निशाना साधा था।

अन्य समाचार