मुख्यपृष्ठनए समाचारमहायुति में दरार हुई और चौड़ी... घाती गुट के जिलाप्रमुख ने भाजपा...

महायुति में दरार हुई और चौड़ी… घाती गुट के जिलाप्रमुख ने भाजपा को दिखाई आंखें!

-कल्याण-डोंबिवली में आओ साथ, नहीं तो हम डालेंगे बाधा

सामना संवाददाता / मुंबई

कल्याण-डोंबिवली में महायुति के भीतर राजनीतिक दरार और चौड़ी हो गई है। शिंदे गुट के जिलाप्रमुख ने साफ किया है कि अगर भाजपा साथ आई तो ठीक, अन्यथा उनका गुट चुनाव में बाधा डालेगा। घाती गुट के इस ओपन चैलेंज ने चुनावी रस्साकशी को और तेज कर दिया है। स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं को निर्देश देते हुए शिंदे गुट ने कहा कि हर सीट पर पूरी ताकत के साथ लड़ाई लड़ी जाएगी। इसी के साथ ही महायुति के भीतर बदलापुर और कल्याण-डोंबिवली चुनाव को लेकर मतभेद खुलकर सामने आ रहे हैं, जिससे स्थानीय निकाय चुनाव में सियासी हलचल बढ़ गई है। इस कदम ने महायुति के अंदर संकट और प्रतिस्पर्धा का नया मोड़ ला दिया है।
उल्लेखनीय है कि कल्याण-डोंबिवली मनपा के साथ ही राज्य के निकाय चुनावों को लेकर चुनावी रणसंग्राम चल रही है। इसी बीच लोकसभा और विधानसभा में एक साथ लड़नेवाली महायुति में स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के चुनाव में दरार दिखाई दे रहा है। बदलापुर में शिंदे गुट को छोड़कर भाजपा और अजीत पवार गुट ने गठबंधन घोषित किया। अब कल्याण-डोंबिवली में भी महायुति में दरार स्पष्ट हो गई है। शिंदे गुट के नेता अरविंद मोरे ने कहा कि आओ तो साथ, नहीं तो हम बाधा डालेंगे। बता दें कि कल्याण-डोंबिवली मनपा शिंदे गुट के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का यह क्षेत्र भी गढ़ माना जाता है, जबकि उनके लाडले श्रीकांत शिंदे यहां के सांसद हैं।
भाजपा के लिए चुनाव प्रतिष्ठा का सवाल
भाजपा के लिए भी यह चुनाव प्रतिष्ठा का सवाल है, क्योंकि डोंबिवली के विधायक अब भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष हैं। इस कारण शिंदे गुट-भाजपा गठबंधन होगा या दोनों स्वतंत्र रूप से लड़ेंगे, यह अभी तय नहीं हुआ है। इसी में शिंदे गुट के जिलाप्रमुख का एक वायरल वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि आओ तो साथ, नहीं तो हम अलग लड़ेंगे। बिना गठबंधन के भी हम जीत सकते हैं।

अन्य समाचार