मुख्यपृष्ठसमाचारपुलिस–जनता के बीच विश्वास की मजबूत कड़ी बना ‘विजिट माई पुलिस स्टेशन’...

पुलिस–जनता के बीच विश्वास की मजबूत कड़ी बना ‘विजिट माई पुलिस स्टेशन’ कार्यक्रम

विट्ठलवाड़ी पुलिस स्टेशन में उत्साहपूर्ण सहभागिता

अनिल मिश्रा / उल्हासनगर

पुलिस प्रशासन और आम नागरिकों के बीच आपसी तालमेल को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से ठाणे पुलिस आयुक्तालय के अंतर्गत ‘विजिट माई पुलिस स्टेशन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पहल की अध्यक्षता पुलिस आयुक्त आशुतोष डुम्बरे ने की। कार्यक्रम के तहत जिले के विभिन्न पुलिस स्टेशनों में नागरिकों को आमंत्रित कर संवाद, सहभागिता और विश्वास को बढ़ाने पर जोर दिया गया।

इसी क्रम में विठलवाड़ी पुलिस स्टेशन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अशोक कोली के मार्गदर्शन में इस कार्यक्रम का अत्यंत सफल और प्रभावशाली आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान नागरिकों ने पुलिस स्टेशन का भ्रमण किया, पुलिस की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा तथा पुलिसकर्मियों के साथ आत्मीय संवाद भी किया। सेल्फी गतिविधि के माध्यम से पुलिस और जनता के बीच दूरी को कम करने का प्रयास किया गया।

इस कार्यक्रम में उल्हासनगर व्यापारी एसोसिएशन के पदाधिकारियों, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों, शहरवासियों तथा स्कूलों के बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष जगदीश तेजवानी, परमानंद गेरेजा, महेश पुरस्वानी, गुलशन हरीसिंघानी, सुनील दावरा, कमलेश छुटानी, दिलीप गंगवानी, अजय चिमनानी, हरेश निगु, जीतू खन्ना, वाशु रोहरा, नंदलाल मेहरचंदानी सहित कई प्रमुख नागरिक इस अवसर पर उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना, नागरिकों की शिकायतों और समस्याओं को सीधे सुनकर उनके त्वरित समाधान की दिशा में कदम बढ़ाना तथा सामाजिक मुद्दों को आपसी सहमति से सुलझाने की प्रक्रिया को मजबूत करना रहा। चर्चा के दौरान नागरिकों ने यातायात, अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, नशे के खिलाफ अभियान जैसे मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखी।

वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अशोक कोली ने कहा कि पुलिस सिर्फ कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी नहीं निभाती, बल्कि समाज का अभिन्न अंग है। जनता का सहयोग मिलने से ही शांति और सुरक्षा की व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकता है। नागरिकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे पुलिस और जनता के बीच विश्वास की नई शुरुआत बताया।

अन्य समाचार