दिशा पाटनी आज इंडस्ट्री का एक जाना-पहचाना नाम हैं, लेकिन उनका फिल्मी सफर आसान नहीं रहा। उत्तर प्रदेश के बरेली में जन्मी दिशा का परिवार मूल रूप से उत्तराखंड के टनकपुर से है। उनके पिता पुलिस विभाग में अधिकारी थे, जबकि मां स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत थीं। बचपन में दिशा का सपना एक्ट्रेस बनना नहीं था, बल्कि वह एयरफोर्स पायलट या साइंटिस्ट बनना चाहती थीं। उन्होंने इंजीनियरिंग और बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई भी की, लेकिन कॉलेज के दौरान एक मॉडलिंग प्रतियोगिता ने उनकी जिंदगी बदल दी। उस प्रतियोगिता को जीतने के बाद उन्हें मॉडलिंग और विज्ञापनों में काम मिलने लगा। इसके बाद वह मुंबई आ गईं, जहां उनके पास केवल ५०० रुपए थे। कड़ी मेहनत और लगातार ऑडिशन के बाद उन्हें २०१५ में तेलुगु फिल्म ‘लोफर’ से पहचान मिली। २०१६ में फिल्म ‘एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ ने उन्हें बॉलीवुड में स्थापित कर दिया।
