-संविधान की रक्षा के लिए, मशाल महाराष्ट्र के लिए
द्रुप्ति झा / मुंबई
कल मुंबई के शिवाजी पार्क में शिवसेना के ऐतिहासिक दशहरा सम्मेलन के दौरान शिवसैनिकों का जोश बस देखते ही बन रहा था। संविधान की रक्षा और महाराष्ट्र के स्वाभिमान की लड़ाई को लेकर शिवतीर्थ पर मानो शिवसैनिकों का जोश उमड़ पड़ा। मशाल के संकल्प के साथ जुटे कार्यकर्ताओं में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक जबरदस्त उत्साह और जुनून देखने को मिला। नारों की गूंज, जोश से लबरेज चेहरे और संघर्ष का संकल्प लेकर उमड़े शिवसैनिकों ने महाराष्ट्र की सियासत में नया जोश भर दिया। शिवतीर्थ का माहौल एक बार फिर संघर्ष और स्वाभिमान के रणघोष से गूंज उठा। संविधान की रक्षा, वोट चोरी और महंगाई के मुद्दे पर सत्ता को घेरते हुए शिवसैनिकों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारों से शिवाजी पार्क गूंज उठा। हिंदूहृदयसम्राट शिवसेनाप्रमुख बालासाहेब ठाकरे को ‘भारत रत्न’ देने की मांग भी बुलंद हुई। मशाल के संकल्प के साथ उमड़े जनसैलाब ने महाराष्ट्र के स्वाभिमान और संघर्ष की नई हुंकार भरी!
सरकार और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ फूटा गुस्सा
कल मुंबई के शिवाजी पार्क में मराठवाड़ा, विदर्भ, पश्चिमी महाराष्ट्र और कोंकण समेत राज्य के अलग-अलग जिलों से सुबह से ही बड़ी संख्या में शिवसैनिक पारंपरिक वेशभूषा में तथा हाथों में झंडे लेकर शिवाजी पार्क पहुंचे थे। रैली के दौरान लोगों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। शिवसैनिकों का आरोप है कि लोकतांत्रिक संस्थाओं और संविधान की गरिमा को ठेस पहुंचाई जा रही है। उन्होंने मांग की कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए और जवाबदेही तय हो।
`भाजपा की सरकार भ्रष्ट, उसके नेता भी भ्रष्ट‘
मंगलवार को शिवाजी पार्क में दशहरा सम्मेलन के दौरान शिवसैनिकों ने मौजूदा सरकार और उसके नेताओं के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। शिवसैनिकों ने मंच और सड़कों से सरकार पर तीखे हमले किए और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार भ्रष्ट है और उसके नेता भी भ्रष्ट हैं। सरकार विरोधी नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।
सरकार मस्त, जनता महंगाई से त्रस्त
शिवसेना के पारंपरिक दशहरा सम्मेलन में इस बार भी राजनीतिक सरगर्मी के बीच आम जनता की सबसे बड़ी समस्या यानी महंगाई का मुद्दा जोर-शोर से उठाया गया। मंच से वक्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार पर करारा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि एक तरफ सत्ता में बैठे लोग अपनी ही मस्ती में चूर हैं, तो दूसरी तरफ देश और प्रदेश की आम जनता महंगाई की मार से त्रस्त हो चुकी है।
नारों से गूंज उठा शिवाजी पार्क
मुंबई पुलिस की ओर से सुरक्षा और यातायात के कड़े इंतजाम किए जाने के बीच महाराष्ट्र के दूर-दराज के इलाकों से पहुंचे समर्थकों का उत्साह कम नहीं हुआ। शिवाजी पार्क परिसर नारों और लोगों की भीड़ से गूंज उठा। शिवसेना के इस ऐतिहासिक दशहरा सम्मेलन में राज्य के कोने-कोने से शिवसैनिकों का हुजूम उमड़ पड़ा था।
हिंदूहृदयसम्राट शिवसेनाप्रमुख बालासाहेब ठाकरे को `भारत रत्न’ देने की उठी मांग
शिवसेना द्वारा मुंबई के शिवाजी पार्क में आयोजित भव्य दशहरा सम्मेलन के दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने हिंदूहृदयसम्राट शिवसेनाप्रमुख बालासाहेब ठाकरे को भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग की। इस अवसर पर खामगांव तालुकाप्रमुख श्रीराम खेलदार ने अपने खून से पोस्टर लिखकर यह मांग उठाई। उन्होंने पोस्टर के माध्यम से भारत सरकार से आग्रह किया कि हिंदूहृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे के जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया जाए।
