मुख्यपृष्ठनए समाचारएनएमएमटी बस यात्रियों की बढ़ी परेशानी! ...पांच दिनों से बंद है बस...

एनएमएमटी बस यात्रियों की बढ़ी परेशानी! …पांच दिनों से बंद है बस ट्रैकर ऐप

– प्रशासन की नाकामी हुई उजागर
सामना संवाददाता / मुंबई
तकनीकी कारणों से नई मुंबई नगर निगम (एनएमएमटी) का बस ट्रैकर ऐप पिछले पांच दिनों से बंद होने के कारण यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। इस ऐप का सॉफ्टवेयर पुराना होने के साथ ही संबंधित कंपनी का अनुबंध समाप्त हो चुका है। बसों की कमी से जहां यात्री पहले से ही बेहद परेशान हैं, वहीं बस ट्रैकर ऐप सेवा के चरमराने से प्रशासन की नाकामी उजागर हो गई है। यह ऐप आईटीएमएस सेवा के अंतर्गत काम कर रहा है और एनएमएमटी प्रशासन को इस सेवा को अपडेट करने के लिए पिछले वित्तीय वर्ष में केंद्र सरकार द्वारा करोड़ों रुपए का विशेष फंड उपलब्ध कराया गया था। लेकिन कई महीनों से प्रशासन द्वारा टेंडर को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। अब मांग की जा रही है कि आयुक्त स्वयं इस मामले को देखने के साथ ही आईटीएमएस प्रणाली के टेंडर की समीक्षा करें और जल्द से जल्द इस सेवा को अपडेट करने का काम शुरू करें, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके।
बता दें कि एनएमएमटी प्रशासन ने कुछ वर्ष पहले बड़े जोर-शोर से बस ट्रैकर ऐप सेवा की शुरुआत की थी। कुछ सालों तक तो यह सेवा सुचारु रूप से चलती रही, लेकिन पिछले दो सालों से यह सेवा बदहाल है। कुछ महीने पहले भी तकनीकी कारणों से इस सेवा को बंद कर दिया गया था। अब फिर से वही स्थिति पैदा हो गई है। अब चूंकि ऐप पिछले पांच दिनों से बंद है, जिससे यात्रियों को बस के आने का समय और बस कहां पर है, इसकी जानकारी नहीं मिल पा रही है। इसके चलते यात्रियों को घंटों बस स्टॉप पर बस का इंतजार करना पड़ रहा है। एनएमएमटी के अधिकारियों ने बताया कि ऐप कुछ तकनीकी कारणों से बंद है और जल्द ही यह शुरू हो जाएगा।

क्या है समस्या?
ऐप चलने पर भी बस जीपीएस लोकेशन के अनुसार समय पर नहीं पहुंचती। अक्सर कुछ मार्गों पर बसें ऐप में दिखाई देती हैं, फिर कुछ समय बाद दोबारा देखने पर बसें रूट मैप से गायब हो जाती हैं। चूंकि कई मार्गों पर बसों में जीपीएस प्रणाली नहीं लगी है इसलिए उन मार्गों पर बसें दिखाई नहीं देतीं।

अन्य समाचार