राधेश्याम सिंह / विरार
विरार के कारगिल नगर में स्थित हिताची कंपनी के एटीएम से चोरी करने वाली ‘चिमटा गैंग’ की टोली को सुरक्षा गार्ड की सतर्कता के चलते पकड़ लिया गया। दोनों चोरों को स्थानीय नागरिकों ने रंगे हाथों पकड़ करके उनकी पिटाई करने के बाद उन्हें विरार पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए आरोपियों के नाम सोनू सूरजप्रसाद गौतम (28) और रणजीत कुमार गोविंदप्रसाद पासी (22) हैं। चोरी की यह घटना एटीएम के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। चोर एटीएम मशीन में पैसे निकलने वाली जगह पर एक चिमटा (धातु की क्लिप) लगाकर रखते थे, ताकि जो ग्राहक पैसे निकालते, उनके पैसे उस चिमटे में फंस जाएं। बाद में ये चोर उन पैसों को निकालकर ले जाते थे। विरार पुलिस स्टेशन में इन चोरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 324(4), 62 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
