मुख्यपृष्ठनए समाचारआजाद मैदान में आंदोलनरत शिक्षकों को उद्धव ठाकरे का समर्थन ... सरकार...

आजाद मैदान में आंदोलनरत शिक्षकों को उद्धव ठाकरे का समर्थन … सरकार को ऐसा करंट देंगे कि कुर्सी से गिर जाएंगे

सामना संवाददाता / मुंबई
राज्य की करीब पांच हजार निजी, बिना अनुदानित स्कूलों को चरणबद्ध तरीके से अनुदान देने का निर्णय अक्टूबर २०२४ के विधान मंडल के सत्र में लिया गया था। लेकिन दस महीने बीत जाने के बाद भी सरकार ने इसके लिए कोई बजट प्रावधान नहीं किया। इससे शिक्षकों में तीव्र आक्रोश है। अपनी मांगों को लेकर ५ जून से शिक्षक समन्वय समिति ने आजाद मैदान में आंदोलन शुरू किया है। कल शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने आंदोलनकारी शिक्षकों से मुलाकात कर उन्हें खुला समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि शिवसेना शिक्षकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर सरकार को ऐसा करंट देंगे कि वे सत्ता की कुर्सी से उड़कर नीचे गिर जाएं। अब जब तक जीत नहीं मिलती, तब तक रुकना नहीं और जीत भी इसी मैदान पर मनानी है, ऐसा उद्धव ठाकरे ने कहा।
उद्धव ठाकरे ने मेगाफोन हाथ में लेकर आंदोलनकारियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का जो हक है, वो उन्हें मिलना ही चाहिए। महाविकास आघाड़ी सरकार ने यही भूमिका ली थी। अगर आप एकजुट होकर डटे रहेंगे तो आपका हक दिलाए बिना हम भी चैन से नहीं बैठेंगे। इस मौके पर उद्धव ठाकरे के साथ शिवसेना नेता व युवासेनाप्रमुख और विधायक आदित्य ठाकरे, विधायक मिलिंद नार्वेकर, सचिन अहिर आदि उपस्थित थे। उन्होंने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि दिल्ली के गुरुओं के पीछे छिपकर महाराष्ट्र पर अन्याय हो रहा है। राज्य की जनता करारा जवाब देगी।

अन्य समाचार