सामना संवाददाता / मुंबई
हिंदुस्थान के ८०वें स्वतंत्रता दिवस का भव्य स्वागत शिवसेना की ओर से किया जाएगा। शिवसेना भवन के प्रांगण में शुक्रवार आधी रात १२ बजे भव्य ध्वजारोहण समारोह का आयोजन किया गया है। शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे के हाथों राष्ट्रध्वज फहराया जाएगा। इस अवसर पर शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे भी उपस्थित रहेंगे।
ब्रिटिशों की गुलामी से भारत माता को मुक्त कराने के लिए अनेक लोगों ने अपने प्राणों की आहुति दी। घर-परिवार तक त्यागकर असंख्य देशभक्तों द्वारा किए गए इस बलिदान के कारण १५ अगस्त १९४७ को देश को स्वतंत्रता मिली। इस स्वतंत्रता को चिरस्थायी बनाए रखने के लिए शिवसेना हमेशा संघर्ष करती रही है।
शिवसेना ने देशभक्ति की भावना को सदैव कायम रखा है। इसी कृतज्ञ भावना के साथ स्वतंत्रता के प्रतीक तिरंगे का ध्वजारोहण किया जाएगा। इस समारोह में शिवसेना के सभी नेता, उपनेता, विभागप्रमुख, पदाधिकारी और शिवसैनिकों के साथ बड़ी संख्या में देशप्रेमी नागरिक उपस्थित रहेंगे।
जेन-जी व युवाओं में उत्सुकता
शिवसेना का ध्वजारोहण समारोह मुंबईकरों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहता है। युवाओं की उत्स्फूर्त भागीदारी से समारोह का माहौल उत्साहपूर्ण हो जाता है। देश में हाल ही में हुए जेन-जी आंदोलन की पृष्ठभूमि में इस वर्ष यह समारोह आयोजित किया जा रहा है।
‘नीट’ पेपर लीक के विरोध में जेन-जी द्वारा किए गए आंदोलन को शिवसेना ने मजबूती से समर्थन दिया था। शिवसेना द्वारा निकाले गए मोर्चे को जेन-जी युवाओं का जबरदस्त प्रतिसाद मिला था। शुक्रवार आधी रात को होने वाले ध्वजारोहण समारोह को लेकर भी जेन-जी युवाओं में भारी उत्सुकता देखने को मिल रही है।
आइए, स्वतंत्रता की मशाल जलाए रखें!
‘एक देश, एक तिरंगा, एक आवाज…’ का आह्वान करते हुए शिवसेना ने ‘सोशल मीडिया’ पर विशेष पोस्ट की है। पोस्ट के माध्यम से जनता से अपील की गई है कि स्वतंत्रता, संविधान और लोकतंत्र के मूल्यों का सम्मान करने के लिए सभी एकजुट हों और स्वतंत्रता की मशाल को जलाए रखें।
