सामना संवाददाता / मुंबई
पिछले कुछ दिनों से संसद का तूफानी मानसून सत्र जारी है और इसी बीच शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे तीन दिवसीय दिल्ली दौरे पर जा रहे हैं। वे ६, ७ और ८ अगस्त को दिल्ली में रहेंगे। ७ अगस्त को होने वाली इंडिया गठबंधन की बैठक में उद्धव ठाकरे शामिल होंगे। इसके साथ ही वे संसद भवन में बने शिवसेना के नए संसदीय दल कार्यालय का भी दौरा करेंगे।
संसद के मानसून सत्र में पहलगाम आतंकी हमला, ऑपरेशन सिंदूर और मतदाता सूची में गड़बड़ी जैसे मुद्दों पर विपक्ष द्वारा मोदी सरकार को घेरने के चलते दिल्ली का राजनीतिक माहौल पहले से ही गर्म है। ऐसे समय में उद्धव ठाकरे का दिल्ली दौरा राजनीतिक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है।
राहुल गांधी ने बैठक के लिए किया आमंत्रित
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने उद्धव ठाकरे से फोन पर बातचीत की और उन्हें गुरुवार को होने वाली इंडिया गठबंधन की महत्वपूर्ण बैठक में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया। संसद के मानसून सत्र से पहले एक ऑनलाइन बैठक को छोड़ दें, तो लोकसभा चुनाव के बाद इंडिया गठबंधन के प्रमुख नेताओं की अब तक बैठक नहीं हुई है। इस कारण यह बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इसमें सत्र की आगामी रणनीति, मतदाता सूची में गड़बड़ी समेत अन्य मुद्दों पर चर्चा होगी। उद्धव ठाकरे अपने दिल्ली दौरे के दौरान विभिन्न राजनीतिक नेताओं से मुलाकात करेंगे और दिल्ली के मीडिया से भी संवाद करेंगे।
