अनिल मिश्रा / उल्हासनगर
उल्हासनगर के मधुबन चौक क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोर की पिटाई के मामले में फरार मुख्य आरोपी मोहित लोहिया को उल्हासनगर पुलिस ने नाशिक से गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को आरोपी को उल्हासनगर के चौपडा कोर्ट में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उसे तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना के दिन किशोर कीर्तन सुनकर लौट रहा था, तभी कुछ असामाजिक तत्व टाइप के युवकों ने उसे रोका l जबरन पैसे मांगने लगे। किशोर द्वारा विरोध करने पर युवकों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। इस घटना के बाद उल्हासनगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मुख्य आरोपी मोहित लोहिया गिरफ्तारी से बचने के लिए अग्रिम जमानत की कोशिश में था, लेकिन पुलिस टीम की सतर्कता व रणनीति से उसे नाशिक से धर दबोचा। जांच अधिकारी पीएसआई आशीष पवार ने बताया कि आरोपी मोहित लोहिया के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी में उल्हासनगर पुलिस टीम के पीएसआई आशीष पवार, सिद्धार्थ गायकवाड़, संदीप सोनवणे, क्राइम ब्रांच के अधिकारी प्रसाद तोंडीलेकर और रामदास उगले का विशेष योगदान रहा।
इसके अलावा नाशिक क्राइम ब्रांच की टीम ने भी इस कार्रवाई में अहम भूमिका निभाई। एपीआई समाधान हिरे, पठान, एएसआई गुलाब सोनार, हेड कॉन्स्टेबल सनप और हेड कॉन्स्टेबल गावली ने संयुक्त अभियान चलाकर आरोपी को पकड़ा। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस पिटाई प्रकरण में और कौन-कौन युवक शामिल थे? साथ ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी?
