मुख्यपृष्ठनए समाचारमहायुति सरकार में अपराधियों के हौसले बुलंद

महायुति सरकार में अपराधियों के हौसले बुलंद

-महाराष्ट्र के इतिहास के सबसे अक्षम गृहमंत्री हैं फडणवीस
सामना संवाददाता / मुंबई
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में गोलीबारी की घटना को लेकर महाराष्ट्र की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर सात गोलियां चलाए जाने की घटना के बाद कांग्रेस नेता नाना पटोले ने मुख्यमंत्री और गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर तीखा हमला बोला है। पटोले ने आरोप लगाया कि महायुति सरकार के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ गई है और अपराधियों के मन से पुलिस का डर खत्म होता जा रहा है।
‘अपराधियों के मन से खत्म हुआ पुलिस का डर’
नाना पटोले ने गोलीबारी की घटना की तत्काल और गहन जांच कराने तथा हमलावरों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की। फडणवीस पर निशाना साधते हुए उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार की कार्यक्षमता पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि जब मुंबई में नेता और फिल्मी सितारे ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा की गारंटी कौन देगा?
पटोले ने बाबा सिद्दीकी की हत्या, शिवसेना के विभागीय पदाधिकारी प्रदीप पूर्णेकर की हत्या और कांग्रेस विधायक साजिद खान पठान को मिली जान से मारने की धमकियों का उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं राज्य सरकार की कार्यक्षमता पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। पटोले ने महायुति सरकार पर भ्रष्टाचार में व्यस्त रहने और जनता की सुरक्षा की अनदेखी करने का आरोप भी लगाया।
कांग्रेस नेता ने सवाल उठाया कि मुंबई में सरेआम गोलीबारी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सरकार क्या ठोस कदम उठा रही है। राज्य में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ने की घटनाओं पर सरकार को जवाब देना होगा।

अन्य समाचार