मनोरंजन की चमकती दुनिया के पीछे कई ऐसे काले किस्से छिपे हैं, जो सामने आते ही चौंका देते हैं। अब ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ फेम आराधना शर्मा का पुराना खुलासा फिर चर्चा में है। एक्ट्रेस ने बताया था कि एक कास्टिंग डायरेक्टर ने रोल के लिए स्क्रिप्ट पढ़ाने के बहाने उनके साथ गलत हरकत करने की कोशिश की थी। आराधना के मुताबिक, यह घटना २०१६-१७ के दौरान रांची में हुई थी। उस वक्त वह महज १९-२० साल की थीं। कमरे में लव सीन की स्क्रिप्ट पढ़ते समय जब उन्हें कास्टिंग डायरेक्टर की हरकतों पर शक हुआ, तो उन्होंने उसे धक्का दिया, दरवाजा खोला और वहां से भाग निकलीं। लेकिन मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। इस घटना ने उनके भरोसे को गहरी चोट पहुंचाई। आराधना ने बताया कि उन्हें पुरुषों के साथ कमरे में रहने तक से डर लगने लगा था। उन्होंने मां के साथ आरोपी का सामना करने की इच्छा भी जताई थी, लेकिन परिवार ने रोक दिया।
