-मनमोहन
अमेरिका के मिड टर्म इलेक्शन में रिपब्लिकन पार्टी की हार के पीछे ‘डेटा सेंटर्स’ के खिलाफ खड़ा हुआ जनरोष और एआई के नाम पर हो रही प्राकृतिक संसाधनों की बेहिसाब बर्बादी मुख्य मुद्दे रहे। एआई और तेज रफ्तार कंप्यूटिंग की मांग पूरी करने के लिए बनने वाले इन डेटा सेंटर्स को चौबीसों घंटे भारी मात्रा में बिजली और पानी की जरूरत होती है। साथ ही, इनसे निकलने वाले लगातार और असहज शोर ने आसपास के रिहायशी इलाकों का जीना मुहाल कर दिया है। अमेरिका के करीब ३५० शहरों में इसके खिलाफ आंदोलन हुए और आम मतदाताओं ने डेटा सेंटर समर्थक उम्मीदवारों को नकार कर डेमोक्रेट्स के पक्ष में अपना जनादेश दिया। यह साफ हो गया कि सिर्फ डेटा सेंटर्स के छलावे के पीछे भागने से कोई बड़े पैमाने पर रोजगार नहीं मिलने वाला, इसके लिए ठोस मैन्युपैâक्चरिंग की ही जरूरत होती है।
अमेरिका के इस पूरे घटनाक्रम से हिंदुस्थान जैसे विकासशील देशों को भी बहुत बड़ा सबक सीखने की जरूरत है। एक तरफ प्राइम मिनिस्टर नरेंद्र मोदी ने भारत को ‘ग्लोबल डेटा सेंटर हब’ बनाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है, जिसके तहत देश के कोने-कोने में धड़ल्ले से बड़े-बड़े डेटा सेंटर्स खड़े किए जा रहे हैं। लेकिन सवाल यह उठता है कि क्या हिंदुस्थान जैसी घनी आबादी और पानी की भीषण समस्या से जूझने वाली व्यवस्था इन परियोजनाओं का बोझ झेल सकती है? इन सेंटर्स की वजह से भूजल स्तर तेजी से गिर रहा है और बिजली की खपत इस हद तक बढ़ रही है कि आम नागरिकों के हक का पानी और बिजली खतरे में पड़ रही है। देश के कई बड़े महानगरों और उनके आसपास के इलाकों में अब स्थानीय स्तर पर इन डेटा सेंटर्स के खिलाफ विरोध के सुर उठने लगे हैं।
अमेरिका की तरह हिंदुस्थान में भी डेटा सेंटर्स से मिलने वाले रोजगार के दावे काफी हद तक छलावा साबित हो रहे हैं, क्योंकि इनसे मिलने वाली नौकरियां या तो बहुत उच्च तकनीकी वर्ग तक सीमित होती हैं या फिर सुरक्षा गार्ड जैसी ठेकेदारी और अकुशल स्तर की होती हैं, जबकि स्थानीय जनता को पानी की किल्लत और प्रदूषण का खामियाजा भुगतना पड़ता है। यदि एआई की अंधी दौड़ में पर्यावरण, जल संरक्षण और इंसानी जीवन की अनदेखी यूं ही जारी रही, तो आने वाले दिनों में हिंदुस्थान में भी जनता का गुस्सा फूट सकता है। विकास का ऐसा मॉडल किस काम का जो इंसानों की मूलभूत जरूरतें ही छीन ले? आखिरकार, हमें यह समझ कब आएगी कि प्रकृति और संसाधनों की कीमत पर डेटा सेंटर्स का साम्राज्य खड़ा करने की यह मृगतृष्णा हमें कहां ले जा रही है?
