-शिवसेना के पूर्व विधायक प्रकाश फातरपेकर ने किया लोकार्पण
सामना संवाददाता / मुंबई
भारत रत्न, स्वतंत्रता सेनानी और तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री के. कामराज की जयंती के अवसर पर मुंबई के चेंबूर स्थित के. कामराज रोड पर नई नामपट्टिका का उद्घाटन किया गया। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के पूर्व विधायक प्रकाश फातरपेकर ने इसका लोकार्पण किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में फातरपेकर ने के. कामराज के व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें सच्चा जननेता बताया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम से लेकर शिक्षा के विस्तार और जनकल्याणकारी नीतियों तक, के. कामराज का योगदान देश के इतिहास में हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाएगा।
पूर्व विधायक प्रकाश फातरपेकर ने कहा कि के. कामराज ने सादगी, ईमानदारी और जनसेवा की राजनीति का आदर्श प्रस्तुत किया। उन्होंने मुख्यमंत्री रहते हुए शिक्षा और सामाजिक विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी, जिसके कारण उन्हें आज भी देश के महान नेताओं में गिना जाता है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उनके जीवन से प्रेरणा लेने और नई पीढ़ी तक उनके विचारों एवं योगदान को पहुंचाने का संकल्प लिया। जयंती के अवसर पर के. कामराज को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके राष्ट्रहित में किए गए कार्यों को स्मरण किया गया।
