मुख्यपृष्ठअपराधवसई में छात्रा की आत्महत्या: बॉयफ्रेंड द्वारा अश्लील तस्वीरों से ब्लैकमेल, पिता...

वसई में छात्रा की आत्महत्या: बॉयफ्रेंड द्वारा अश्लील तस्वीरों से ब्लैकमेल, पिता की पिटाई के बाद उठाया दर्दनाक कदम

राधेश्याम सिंह / विरार

 वसई में एक हृदय विदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। यहां 20 वर्षीय बी.कॉम छात्रा ने चौथी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार, छात्रा का बॉयफ्रेंड उसकी अश्लील तस्वीरों के जरिए उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहा था। जब छात्रा ने यह बात अपने पिता को बताई और उन्होंने कॉलेज जाकर युवक से बात करने की कोशिश की, तो आरोपी युवक अपने साथियों के साथ आया और छात्रा के पिता की पिटाई कर दी। इस घटना से आहत छात्रा ने घर लौटकर आत्महत्या जैसा कठोर कदम उठा लिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतका विरार पूर्व के नाना-नानी पार्क परिसर में रहती थी और विवा कॉलेज में बी.कॉम अंतिम वर्ष की छात्रा थी। कॉलेज के दौरान उसका एक युवक से प्रेम संबंध बना था, जिसने किसी बहाने से उसकी कुछ निजी तस्वीरें खींच ली थीं। बाद में वही तस्वीरें आरोपी ने ब्लैकमेलिंग के लिए इस्तेमाल कीं। छात्रा के पिता पाटिल ने इस उत्पीड़न की शिकायत कॉलेज में की, लेकिन आरोपी युवक ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर पिता की ही पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि कॉलेज प्रशासन ने भी इस पूरे मामले में संवेदनशीलता दिखाने के बजाय छात्रा को ही माफी मांगने की सलाह दी। इस अपमान और तनाव से टूट चुकी छात्रा ने घर लौटने के कुछ ही घंटे बाद चौथी मंजिल से कूदकर जान दे दी।

घटना के बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां देर रात करीब डेढ़ बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभ में पुलिस ने इसे आकस्मिक मृत्यु के रूप में दर्ज किया था, लेकिन बाद में साक्ष्य सामने आने पर मामला विरार पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने आरोपी युवक और उसके साथियों के खिलाफ ब्लैकमेलिंग, उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने जैसे गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह दर्दनाक घटना न केवल कॉलेज प्रशासन की निष्क्रियता पर सवाल उठाती है, बल्कि समाज के उस दृष्टिकोण को भी उजागर करती है, जहां पीड़िता को ही शर्मिंदगी और दोष का बोझ उठाना पड़ता है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुटी है, जबकि छात्रा के परिवार और स्थानीय नागरिकों ने न्याय की मांग की है।

अन्य समाचार