अनिल मिश्र / पटना
बिहार के छपरा जिला अंतर्गत कोपा थाना क्षेत्र में आज देर शाम को अचानक दहशत का माहौल बन गया। जब एक निजी स्कूल के पीछे जंगल में रहस्यमयी पैराशूट मिला। पैराशूट दिखते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। इसकी सूचना मिलते ही कोपा के अतिरिक्त थाना प्रभारी अजित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घंटों तक जंगल की छानबीन कराई। पुलिस ने मौके से करीब पचास मीटर लंबी प्लास्टिक की रस्सी बरामद की है, जो पैराशूट से बंधी हुई थी। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्हें पैराशूट से कोई लटका हुआ भी नजर आया था। हालांकि, मौके पर पुलिस को किसी व्यक्ति के होने के सबूत नहीं मिले। इस रहस्यमयी घटनाक्रम ने लोगों के बीच कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे दिया है। दरअसल, कुछ दिनों पहले ही नेपाल की सीमा से आतंकी गतिविधियों के संभावित खतरे की चर्चा उठी थी। ऐसे में पैराशूट मिलने की घटना को लोग उसी से जोड़कर देख रहे हैं। ग्रामीणों में आशंका है कि कोई अज्ञात व्यक्ति पैराशूट के जरिए इलाके में उतरा और फरार हो गया है। वहीं इस मामले की गहन जांच में पुलिस जुटी हुई है।
