मुख्यपृष्ठसमाचारवाद-विवाद प्रतियोगिता में विवेकनगर केएनआईसी सर्वश्रेष्ठ

वाद-विवाद प्रतियोगिता में विवेकनगर केएनआईसी सर्वश्रेष्ठ

-पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की स्मृति में हुई स्कूली वाद-विवाद प्रतियोगिता

सामना संवाददाता / सुल्तानपुर

‘जेन जी आंदोलन: सच या राजनीतिक’ विषयक अंतर्विद्यालयी वादविवाद प्रतियोगिता में कमलानेहरु बाल शिक्षा संस्थान, विवेकनगर(करौंदिया) ने सुल्तानपुर शहर के तमाम नामी गिरामी विद्यालयों को पछाड़ते हुए वैजयंती ट्रॉफी जीत ली है।
रोटरी क्लब की स्थानीय इकाई ने रविवार को सिरवारा रोड स्थित गार्डन व्यू होटल में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन अंतर्विद्यालयी वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया था। प्रतियोगिता का विषय “जेन जी आंदोलन : सच या राजनीतिक” रहा। विद्यार्थियों ने विषय पर पक्ष और विपक्ष में अपने विचार रखते हुए विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक पहलुओं पर तर्क प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में सुलतानपुर के 16 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। छात्र-छात्राओं ने विषय से जुड़े विभिन्न पहलुओं को अपने तर्कों और तथ्यों के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों की तार्किक क्षमता, अभिव्यक्ति कौशल और समसामयिक मुद्दों के प्रति उनकी समझ को सामने रखा।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राजकीय बालिका इंटर कॉलेज अमेठी की प्रधानाचार्य डॉ. फूलकली पूनम रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रस्तुतीकरण की सराहना करते हुए कहा कि वाद-विवाद प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में तार्किक सोच, आत्मविश्वास और प्रभावी अभिव्यक्ति विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। महर्षि विद्या मंदिर की शुचि मिश्र ने पक्ष में विचार प्रस्तुत कर प्रथम स्थान हासिल किया। जबकि स्टेला मॉरिस कॉन्वेंट, नारायणपुर की कृतिका त्रिपाठी द्वितीय और शेम्फोर्ड स्कूल की स्मृति पांडेय तृतीय रहीं। वहीं विपक्ष में केएनआईसी करौंदिया की संख्या पांडेय प्रथम रहीं। लाल डिग्गी की स्मृति शुक्ला ने द्वितीय और स्टेला मॉरिस कॉन्वेंट, नारायणपुर की मानवी श्रीवास्तव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर केएनआईसी करौंदिया को सर्वश्रेष्ठ विद्यालय की वैजयंती ट्रॉफी प्रदान की गई। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पांच शिक्षकों को आदर्श शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया। सम्मानित शिक्षकों में डॉ. रीना केसरवानी, प्रवक्ता हिंदी, केश कुमारी जीजीआईसी, डॉ. आशुतोष पाण्डेय, सहायक अध्यापक, प्राथमिक विद्यालय कमनगढ़; दिनेश कुमार मिश्र, सहायक अध्यापक, परिषदीय विद्यालय ध्रियामऊ; विशाल विश्वकर्मा, प्रवक्ता कला संकाय, राधारानी कुंवर कृष्ण इंटर कॉलेज तथा श्रीमती शशि मिश्रा, सहायक अध्यापक, जूनियर हाई स्कूल कुछमुछ, भदैंया शामिल रहीं। कार्यक्रम का संचालन रोटेरियन नीरव पांडेय ने किया। रोटरी क्लब सुलतानपुर के अध्यक्ष अखिल अग्रवाल और सचिव डॉ. अभिषेक पांडेय ने मुख्य अतिथि, निर्णायक मंडल, प्रतिभागी विद्यार्थियों, शिक्षकों और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर रोटरी क्लब के संदीप कुमार, संजय केसरवानी, अजीत अग्रहरि, आलोक सागर, प्रमोद मिश्रा, अंकित श्रीवास्तव, सत्यप्रकाश सिंह, सुधीर निगम, तनु टंडन, पूजा अग्रवाल, साक्षी पांडेय, शशि मिश्रा सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और रोटेरियन मौजूद रहे।

अन्य समाचार