मुख्यपृष्ठनए समाचारवाधवानी फाउंडेशन और फोनपे की नई साझेदारी...भारत के स्टार्टअप और एमएसएमई को...

वाधवानी फाउंडेशन और फोनपे की नई साझेदारी…भारत के स्टार्टअप और एमएसएमई को मिलेगी तेज रफ्तार

सामना संवाददाता / मुंबई

भारत में उद्यमिता और छोटे व्यवसायों की वृद्धि को नया आयाम देने के लिए वाधवानी फ़ाउंडेशन और फोनपे पेमेंट गेटवे ने साझेदारी की घोषणा की है। इस सहयोग के तहत वाधवानी फाउंडेशन के प्रमुख प्रोग्राम-लिफ़्टऑफ़ और एक्सेलरेट को फ़ोनपे के डिजिटल पेमेंट समाधानों और इंडस ऐपस्टोर के साथ जोड़ा जाएगा, ताकि उद्यमियों और व्यापारियों को एक मज़बूत विकास मंच मिल सके।
यह पहल छोटे व्यवसायों और स्टार्टअप्स के लिए डिजिटल भुगतान, पूंजी, ग्राहकों और बाज़ार तक आसान पहुंच सुनिश्चित करेगी। उद्देश्य यह है कि नए उद्यम तेज़ी से, कम लागत में और टिकाऊ तरीक़े से बढ़ सकें।
लिफ़्टऑफ़ कार्यक्रम शुरुआती चरण के उद्यमियों को एआई-आधारित मार्गदर्शन, विशेषज्ञ नेटवर्क और आवश्यक संसाधन नि:शुल्क उपलब्ध कराता है। अब फ़ोनपे के पेमेंट गेटवे और इंडस ऐपस्टोर से जुड़ने पर इन उद्यमियों को डिजिटल ढांचा और वितरण का लाभ भी मिलेगा। वहीं, विकास के अगले स्तर पर पहुंच चुके उद्यमों के लिए एक्सेलरेट कार्यक्रम पूंजी, बाज़ार पहुंच और नेतृत्व क्षमता मजबूत करने में मदद करेगा। फ़ोनपे की डिजिटल विशेषज्ञता और नेटवर्क इसमें अतिरिक्त सहारा बनेगी।
फ़ोनपे पेमेंट गेटवे के माध्यम से स्टार्टअप्स और एमएसएमई को पहले तीन महीने के लिए बिना शुल्क लेनदेन सुविधा, आसान ऑनबोर्डिंग और समर्पित सहायता जैसी सुविधाएं मिलेंगी। ऐप आधारित स्टार्टअप्स इंडस ऐपस्टोर पर अपने ऐप को आसानी से सूचीबद्ध और प्रचारित कर पाएंगे, जिसमें शून्य लिस्टिंग फ़ीस और भारतीय डेवलपरों के लिए २४x७ सहयोग जैसी सुविधाएं हैं। इसके अलावा, उद्यमियों को बिक्री रणनीति, वित्तीय प्रबंधन और विकास की योजनाओं पर मास्टरक्लास और प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जाएगा।
साझेदारी पर विचार रखते हुए, मीतुल बी. पटेल, अध्यक्ष उद्यमिता, वाधवानी फ़ाउंडेशन ने कहा:“हमारा लक्ष्य है उद्यमियों को सशक्त बनाकर रोज़गार सृजन और समावेशी आर्थिक विकास को आगे बढ़ाना। फ़ोनपे के साथ यह सहयोग स्टार्टअप्स और एमएसएमई के लिए ग्राहकों से लेकर पूंजी तक, भारत-केंद्रित विकास का मार्ग प्रशस्त करता है।”

अन्य समाचार