सामना संवाददाता / मुंबई
अक्सर विवादों में रहनेवाली राज्य की स्वास्थ्य राज्यमंत्री और परभणी जिले की पालकमंत्री मेघना बोर्डीकर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वे एक ग्रामसेवक को थप्पड़ मारने की धमकी देती हुई नजर आ रही हैं। जिसे अधिकारियों का अपमान बताया गया और सरकार की जमकर किरकिरी हुई। अब एक और वीडियो वायरल हो गया है, जिसमें उनके सामने ही उनका कार्यकर्ता पुलिस को भद्दी गालियां दे रहा है और वे बगल में शांत खड़ी हैं। इस नए वीडियो के बाद एक बार फिर हंगामा मच गया है।
राकांपा (शरदचंद्र पवार) नेता रोहित पवार ने मंगलवार को मेघना बोर्डीकर के कार्यक्रमों के दो वीडियो शेयर किए, जिसमें से एक वीडियो में एक व्यक्ति मंच पर मेघना बोर्डीकर के बगल में खड़ा होकर माइक पर बोल रहा है। उस समय वह व्यक्ति पुलिस की ओर इशारा करते हुए गालियां दे रहा था तब राज्यमंत्री मेघना बोर्डीकर उसके पास शांत खड़ी थीं। राज्य मंत्री बोर्डिकर का यह वीडियो सोशल मीडिया पर रोहित पवार ने पोस्ट किया है। मुख्यमंत्री और राज्य के गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पुलिस को सरेआम कोई मंत्री का कार्यकर्ता खुलकर गाली दे रहा है और राज्य की राज्यमंत्री वहां शांति से सुन रही हैं। ऐसे में मामला काफी गंभीर बताया जा रहा है।
पहले वीडियो में क्या कहा था?
-रोहित पवार ने पहले जो वीडियो बोरी गांव का ट्वीट किया था, उसमें ग्रामसेवक को धमकाया गया था। रोहित पवार का दावा है कि कार्यक्रम में भीड़ कम होने से मेघना बोर्डीकर ग्रामसेवक पर नाराज हो गईं, लेकिन मेघना ने अपनी सफाई में कहा कि संबंधित ग्रामसेवक गरीब और विधवा महिलाओं को परेशान कर रहा था।
-इसके बाद हमने उसे कड़े शब्दों में बोला था। जबकि उस वीडियो में साफ सुनाई देता है कि मेघना बोर्डीकर अपना भाषण देते समय ग्रामसेवक को मंच के नीचे से अपने पास बुलाती हैं और पूछती हैं कि तुझे तनख्वाह कौन देता है? इस पर अधिकारी जवाब देता है कि सरकार।
-बोर्डीकर कहती हैं कि तो फिर ग्रामपंचायत में तुझे नौकर जैसा काम करने को किसने कहा? ध्यान रखना अगर दोबारा चमचागीरी की तो तुझे बर्खास्त कर दूंगी। ये बातें वीडियो में साफ-साफ सुनाई देती हैं।
