-राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर अखिलेश यादव का बड़ा बयान
सामना संवाददाता / लखनऊ
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के मामले को लेकर भाजपा सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि रामलला के चढ़ावे में सेंध लगाना केवल आर्थिक अपराध नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था पर सीधा प्रहार है।
अखिलेश ने कहा, `अयोध्या में जो हुआ वह महापाप है। यह विश्वास में सेंध लगाने जैसा अपराध है। आस्था के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।’ उन्होंने तंज कसते हुए कहा, `एसआईटी का मतलब अब `शेयर इन थेफ्ट’हो गया है क्या?’ उनके इस बयान ने राजनीतिक हलकों में नई बहस छेड़ दी है।
एफआईआर के बिना क्या जांच कर लेगी एसआईटी?
अखिलेश यादव ने कहा कि बिना एफआईआर गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ‘बिना तीर की कमान’ के समान है। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर में चढ़ावे, चंदे और दान से जुड़ी कथित गड़बड़ियों के नए-नए खुलासे सामने आ रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं में आक्रोश बढ़ रहा है।
