मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिआखिर कव आयेगा ECHS clinic पनवेल में? पनवेल ECHS पॉलिक्लिनिक के लिए...

आखिर कव आयेगा ECHS clinic पनवेल में? पनवेल ECHS पॉलिक्लिनिक के लिए फिर उठी पूर्व सैनिकों की हुंकार

सामना संवाददाता / पनवेल

पनवेल में पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के लिए बहुप्रतीक्षित ईसीएचएस (एक्स-सर्विसमैन कॉन्ट्रिब्यूटरी हेल्थ स्कीम) पॉलिक्लिनिक की मांग एक बार फिर जोर पकड़ती दिखाई दे रही है। वर्षों से लंबित इस प्रस्ताव को लेकर रायगढ़ जिले के विभिन्न पूर्व सैनिक संगठनों ने एकजुट होकर रीजनल सेंटर ईसीएचएस मुंबई के निदेशक कमोडोर वरुण सिंह (एससी) और लेफ्टिनेंट कर्नल बेजू महोन के समक्ष जोरदार तरीके से अपनी मांग रखी। वेटरन्स वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्षता में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में पनवेल में नए पॉलिक्लिनिक की स्थापना को समय की सबसे बड़ी जरूरत बताते हुए शीघ्र स्वीकृति की मांग की गई।

बैठक के दौरान पूर्व सैनिक संगठनों ने वर्ष 2018 से अब तक की पूरी पत्राचार प्रक्रिया और संबंधित दस्तावेजों के साथ एक विस्तृत ज्ञापन प्रस्तुत किया। साथ ही रायगढ़ जिले की भौगोलिक स्थिति, बढ़ती आबादी, पूर्व सैनिकों की संख्या और स्वास्थ्य सुविधाओं की जरूरतों का विस्तृत ब्यौरा देते हुए पनवेल में ईसीएचएस पॉलिक्लिनिक की स्थापना का रोडमैप भी सौंपा गया।

प्रतिनिधियों ने बताया कि प्रस्ताव को पहले ही ईसीएचएस मुख्यालय से मंजूरी मिल चुकी है और इसे रक्षा मंत्रालय के पास भेजा जा चुका है। रायगढ़ जैसे विशाल जिले के 15 तालुकों में फैले लगभग 5,734 पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों सहित 22,293 लाभार्थियों को इस पॉलिक्लिनिक से सीधा फायदा मिलेगा।

बैठक में यह भी रेखांकित किया गया कि नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, अटल सेतु, मुंबई 3.0 परियोजना और प्रस्तावित कर्जत-खोपोली-पनवेल लोकल सेवा जैसे विकास कार्यों ने पनवेल को राज्य के प्रमुख विकास केंद्र के रूप में स्थापित कर दिया है। बेहतर सड़क और रेल संपर्क के कारण यहां स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार समय की मांग बन चुका है।

पूर्व सैनिक संगठनों ने पैनल अस्पतालों में भर्ती के दौरान मरीजों से धनराशि वसूलने, आवश्यक दवाइयों की अनुपलब्धता तथा रेफरल मामलों में जांच के नाम पर अतिरिक्त शुल्क वसूले जाने जैसे गंभीर मुद्दे भी उठाए। इन शिकायतों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई। सभी पक्षों की बात सुनने के बाद कमोडोर वरुण सिंह ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए भरोसा दिलाया कि इस विषय पर पुनर्विचार कर प्रस्ताव को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।

रायगढ़ जिले के पेन, कर्जत, खोपोली, खालापुर, सुधागढ़, अलीबाग और पनवेल समेत विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे पूर्व सैनिक संगठनों ने एक स्वर में कहा कि अब और इंतजार नहीं, बल्कि पनवेल में ईसीएचएस पॉलिक्लिनिक की स्थापना को तत्काल मंजूरी मिलनी चाहिए, ताकि हजारों पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को सुलभ और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

अन्य समाचार

लोग