मुख्यपृष्ठनए समाचारसोना तस्करी हो या ड्रग रैकेट, सबमें शामिल भाजपाई... भाजपा का ‘हाजी...

सोना तस्करी हो या ड्रग रैकेट, सबमें शामिल भाजपाई… भाजपा का ‘हाजी मस्तान’ कौन?.. बीजेपी नेता की गिरफ्तारी पर संजय राऊत का तीखा हमला

सामना संवाददाता /मुंबई

मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने तस्करी के खिलाफ एक बहुत बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राष्ट्रीय गोल्ड स्मगलिंग रैकेट का पर्दाफाश किया है। इसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण के राइट हैंड व ‘अखिल भारतीय कामगार कर्मचारी संघ’ के सचिव अजीत आचेरकर सहित कुछ लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। इस सनसनीखेज मामले पर शिवसेना नेता और सांसद संजय राऊत ने भाजपा नेतृत्व पर बेहद गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने भाजपा को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि भाजपा हवाई अड्डे पर अपनी यूनियन सिर्फ इसलिए चाहती थी, ताकि वहां होनेवाली सोने की तस्करी और चोरी पर उनका खुद का सीधा नियंत्रण स्थापित हो सके। डीआरआई की इस कार्रवाई में रवींद्र चव्हाण के खास सिपहसालार माने जानेवाले लोग ही सीधे करोड़ों के सोने की स्मगलिंग करते हुए दबोचे गए हैं। इससे साफ होता है कि मुंबई हवाई अड्डे पर लगातार होनेवाली सोने की चोरी और तस्करी की वारदातों में भाजपा के लोग संलिप्त हैं, यह बात हम देश के सामने बार-बार कह रहे थे।
बता दें कि शनिवार रात को हुई डीआरआई की इस बड़ी कार्रवाई ने हमारे आरोपों को शत-प्रतिशत सच साबित कर दिया है। सरकार के संरक्षण में चल रहे इस सिंडिकेट का अब पूरी तरह भंडाफोड़ हो चुका है। उन्होंने कहा कि मुद्रा पोर्ट पर ड्रग्स आते हैं, उस पोर्ट पर किसका कंट्रोल है और मुंबई एयरपोर्ट पर किसके आशीर्वाद से सोने की तस्करी हो रही है? मुंबई एयरपोर्ट पर सोने की तस्करी और चोरी की लगातार घटनाएं हो रही हैं। हम बार-बार कह रहे हैं कि इसमें भाजपा के लोग शामिल हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि क्या अब हम बताएंगे कि भाजपा का हाजी मस्तान कौन है?

अन्य समाचार