आईसीसी महिला टी२० विश्व कप २०२६ से पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर का एक बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। इंग्लैंड में १२ जून से शुरू होने वाले टूर्नामेंट से पहले आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में सभी टीमों की कप्तानों ने हिस्सा लिया, जिसमें हरमनप्रीत भी मौजूद थीं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक रिपोर्टर ने उनसे पूछा कि क्या यह उनका आखिरी विश्व कप होगा। इस सवाल पर हरमनप्रीत ने तुरंत और बेबाक अंदाज में जवाब देते हुए कहा, ‘ये मेरा लास्ट वर्ल्ड कप क्यों? क्या आप चाहते हैं कि मैं रिटायर हो जाऊं?’ उनके इस जवाब से वहां मौजूद लोग मुस्कुरा उठे और रिपोर्टर भी थोड़ा असहज नजर आया। रिपोर्टर ने सफाई देते हुए कहा कि वह केवल उनके भविष्य की योजनाओं के बारे में जानना चाहता था। इस पर हरमनप्रीत ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, ‘फिर आप ऐसा पूछ क्यों रहे हैं?’ उनका यह आत्मविश्वास भरा अंदाज प्रशंसकों को खूब पसंद आ रहा है।
