राधेश्याम सिंह
विरार। विरार (पूर्व) स्थित डी मार्ट में एक महिला का पर्स चोरी होने की घटना सामने आई है। यह पूरी वारदात डी मार्ट के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मंगलवार की रात 10 बजे महिला खरीदारी करने के लिए डी मार्ट में आई थी, तभी एक चोर मौके का फायदा उठाकर उसका पर्स लेकर फरार हो गया। डी मार्ट जैसे बड़े स्टोर्स में भी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। इस घटना के बाद ग्राहकों में तीव्र आक्रोश फैल गया है।
लोगों का कहना है कि जब इतने बड़े मॉल में सुरक्षा के नाम पर लाखों रुपये खर्च किए जाते हैं, तब भी ऐसी घटनाएं होना बेहद शर्मनाक है। घटना की जानकारी मिलते ही समाजसेवक मनीष राउत मौके पर पहुंचे और डी मार्ट के मैनेजर से बातचीत की। उन्होंने सवाल उठाया कि “डी मार्ट में लगे सीसीटीवी कैमरों की सही तरह से निगरानी क्यों नहीं की जा रही है?” दिवाली का मौसम शुरू हो चुका है और लोग भारी मात्रा में खरीदारी के लिए डी मार्ट जैसे मॉल्स में आते हैं, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था में कोई ढिलाई नहीं होनी चाहिए।
घटना सामने आने के बाद भी डी मार्ट प्रबंधन ने जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया। मॉल के कर्मचारियों ने केवल इतना कहा कि “यह हमारी जिम्मेदारी नहीं है, ग्राहक अपनी वस्तुओं का ध्यान स्वयं रखें।” इस रवैये से पीड़ित महिला और अन्य ग्राहकों में और भी नाराजगी देखी जा रही है, स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि डी मार्ट प्रशासन को अपनी सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली को और सख्त करना चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न दोहराई जाएं। इस मामले में विरार पुलिस ने बताया की पीड़ित महिला के बयान पर एनसी दर्ज कर आगे की जाच में जुट गई है। नागरिकों से अपील की जा रही है कि यदि वे डी मार्ट या किसी भी मॉल में खरीदारी करने जाएं तो अपने कीमती सामान, पर्स और मोबाइल पर विशेष ध्यान रखें, क्योंकि चोर अब भीड़-भाड़ वाले स्थानों को अपना निशाना बना रहे हैं।
