मुख्यपृष्ठनए समाचारवर्ली बीडीडी के निवासियों को अगले सप्ताह मिलेंगी नए घरों की चाबियां!...

वर्ली बीडीडी के निवासियों को अगले सप्ताह मिलेंगी नए घरों की चाबियां! … आदित्य ठाकरे के लगातार फॉलोअप को मिली सफलता

सामना संवाददाता / मुंबई
बहु प्रतीक्षित वर्ली बीडीडी चाल विकास परियोजना लगभग पूरी हो चुकी है। चाल के निवासी जल्द ही अपने नए फ्लैटों में प्रवेश कर सकेंगे। अगले सप्ताह उनके नए घरों की चाबियां वितरित की जाएंगी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कल मंत्रालय स्थित वॉर रूम में ३० विकास परियोजनाओं की समीक्षा के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए यह जानकारी दी। गौरतलब है कि हाल ही में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता, युवासेनाप्रमुख आदित्य ठाकरे ने चाल का निरीक्षण किया था। इसके अलावा वे चाल के निवासियों को घर दिलाने के लिए लगातार फॉलोअप कर रहे थे। उनके इस फॉलोअप को सफलता मिली है, निवासियों को अगले सप्ताह अपने घर की चाबियां मिल जाएंगी।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि नायगांव और एन.एम. जोशी मार्ग स्थित बीडीडी चाल के निवासियों को भी तय समय पर घर उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही हर परियोजना को तय समय में पूरा करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मुंबई सहित राज्य की सभी मेट्रो परियोजनाओं को समय पर पूरा किया जाए। साथ ही मेट्रो के अंतिम स्टेशनों के पास हाउसिंग प्रोजेक्ट्स विकसित किए जाएं और इसके लिए जरूरी निधि तुरंत वितरित की जाए।

अगली बैठक से पहले लागू करना अनिवार्य
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग के अलग-अलग डैशबोर्ड न बनाते हुए, सिर्फ सीएम डैशबोर्ड पर ही हर परियोजना की वर्तमान स्थिति दर्ज की जाए। परियोजनाओं से संबंधित सभी जानकारियां समय-समय पर इस डैशबोर्ड पर अपडेट की जानी चाहिए। साथ ही वॉर रूम समीक्षा बैठक में लिए गए निर्णयों को अगली बैठक से पहले लागू किया जाना अनिवार्य है। ऐसा स्पष्ट आदेश भी उन्होंने अधिकारियों को दिया।

अभी कई परियोजनाएं बाकी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इससे पहले हुई दो बैठकों में कुल ३३ परियोजनाओं की समीक्षा की थी। जिनमें धारावी पुनर्विकास परियोजना, बीडीडी चाल, सभी मेट्रो लाइंस, शिवड़ी-वर्लीr एलिवेटेड कॉरिडोर, ऑरेंज गेट से मरीन ड्राइव टनल परियोजना, गोरेगांव मागाठाणे डीपी रोड, गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड, उत्तर कोस्टल रोड, वांद्रे-वर्सोवा सी-लिंक, बोरिवली-ठाणे कनेक्टिंग टनल आदि परियोजनाएं शामिल हैं। हालांकि, इस महत्वपूर्ण बैठक में उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे अनुपस्थित थे।

अन्य समाचार