मुख्यपृष्ठसमाचारजवेरी बाजार, भोईवाड़ा और कालबादेवी: कौन बनाएगा दक्षिण मुंबई का नया ग्लोबल...

जवेरी बाजार, भोईवाड़ा और कालबादेवी: कौन बनाएगा दक्षिण मुंबई का नया ग्लोबल हब?

भरतकुमार सोलंकी, वित्त विशेषज्ञ

मुंबई। फैशन और ग्लैमर की दुनिया को चमक देने वाले तीन सबसे बड़े उद्योग—जवेरी बाजार का सोने-हीरे का ज्वेलरी व्यापार, भोईवाड़ा का इमीटेशन ज्वेलरी कारोबार और कालबादेवी का कपड़ा उद्योग—अब अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा की ओर बढ़ रहे हैं। सवाल यह है कि इन तीनों में से कौन सबसे पहले दक्षिण मुंबई को एक विश्वस्तरीय रिटेल हब में बदलकर नई पहचान देगा?

आज जब दुनिया के बड़े शहर दुबई, सिंगापुर, हांगकांग और न्यूयॉर्क अपने-अपने व्यापारिक जिलों को ग्लोबल ब्रांड बना चुके हैं, तो दक्षिण मुंबई के ये ऐतिहासिक बाजार अभी भी संकरी गलियों और जर्जर इमारतों में जकड़े हुए हैं। जबकि शहर के दूसरे हिस्सों में, जैसे नवी मुंबई एयरपोर्ट या वर्ल्ड-क्लास मॉल्स, अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं तेजी से विकसित हो रही हैं।

स्थानीय व्यापारी मानते हैं कि जवेरी बाजार, भोईवाड़ा और कालबादेवी को भी उसी तर्ज पर आधुनिक मॉल्स और क्लस्टर डेवलपमेंट की ज़रूरत हैं, जहाँ इंटरनेशनल स्टैंडर्ड की सभी सुविधाएँ—पार्किंग, सुरक्षित इमारतें, अत्याधुनिक शोरूम, फ़ूड कोर्ट, सिनेमा, एंटरटेनमेंट पार्क, डिजिटल पेमेंट हब और सुव्यवस्थित ट्रैफिक सिस्टम—उपलब्ध हो।

दक्षिण मुंबई में जल्द ही मेट्रो ट्रेन शुरू होने वाली हैं, जिससे इन बाजारों तक पहुँचना और आसान होगा। ऐसे में सवाल उठता हैं कि क्या ये इलाके अपनी पुरानी पहचान और खस्ताहाल इमारतों तक ही सीमित रहेंगे, या फिर वाकई एक ग्लोबल रिटेल डेस्टिनेशन का रूप लेंगे?

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हाल ही में जवेरी बाजार के व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि “बाजार की रीमेकिंग के लिए सरकार हर संभव सहयोग करेगी। बीएमसी और प्रशासन के साथ मिलकर ठोस योजना बनाई जाए।”

अगर यह योजना ज़मीन पर उतरती हैं, तो दक्षिण मुंबई का भीड़भाड़ वाला यह इलाका भविष्य में ऐसा स्वरूप ले सकता है, जहाँ व्यापारियों और ग्राहकों को वही सुविधाएँ मिलेगी जो आज दुनिया के शीर्ष ग्लोबल शहरों में उपलब्ध हैं।

“सोने की चमक, फैशन की रौनक और वस्त्रों की विविधता—अगर जवेरी बाजार, भोईवाड़ा और कालबादेवी मिलकर कदम बढ़ाएँ, तो यह तिकोना व्यापारिक इलाका सिर्फ मुंबई ही नहीं, बल्कि पूरे एशिया का सबसे बड़ा फैशन और ज्वेलरी हब बन सकता है। आने वाले वर्षों में यह इलाका न सिर्फ व्यापारियों के लिए समृद्धि का द्वार खोलेगा, बल्कि मुंबई को एक ऐसी नई वैश्विक पहचान देगा, जिस पर हर मुंबईकर को गर्व होगा।”

“क्या जवेरी बाजार, भोईवाड़ा और कालबादेवी के साथ-साथ मेटल, स्टेनलेस स्टील, हार्डवेयर और इलेक्ट्रॉनिक बाजारों के पदाधिकारी दक्षिण मुंबई को अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक हब बनाने की कोई विज़नरी कार्ययोजना तैयार कर रहे हैं?”

अन्य समाचार