-सीरियल-वेब सीरीज अभिनेत्री सेक्स रैकेट से मुक्त, महिला दलाल गिरफ्तार
सुरेश गोलानी / भायंदर
मीरा-भायंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय से जुड़ी महिला अत्याचार निवारण एवं विशेष बाल संरक्षण सेल ने एक हाई प्रोफाइल देहव्यापार रैकेट का पर्दाफाश किया है। सेल ने जाल बिछाकर हिंदी टीवी सीरियल, फोटोशूट और वेब सीरीज में काम करनेवाली एक पीड़ित महिला कलाकार को इस दलदल से सकुशल मुक्त कराया है। इस मामले में पुलिस ने तबस्सुम उमर कुरेशी उर्फ सोनिया नामक ३९ वर्षीय महिला दलाल को गिरफ्तार किया है, जो मूल रूप से छत्तीसगढ़ की रहने वाली है और फिलहाल मुंबई के जोगेश्वरी इलाके में रह रही थी। वहीं, गिरोह का मुख्य सरगना रमेशकुमार फरार बताया जा रहा है। सेल को ‘एक्सोडस रोड इंडिया फाउंडेशन’ के माध्यम से गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी रमेशकुमार और सोनिया मिलकर आर्थिक तंगी का सामना कर रही संघर्षशील अभिनेत्रियों और मॉडल्स को बहला-फुसलाकर देहव्यापार में धकेल रहे हैं। ये आरोपी व्हॉट्सऐप के जरिए ग्राहकों को लड़कियों के फोटो भेजते थे और मोटी रकम लेकर अनैतिक काम के लिए लड़कियां सप्लाई करते थे।
