सामना संवाददाता / मुंबई
अगस्त क्रांति मैदान में भ्रष्ट चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आयोजित आंदोलन में शामिल होने जा रहे तुषार गांधी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इस कार्रवाई के विरोध में शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे तथा शिवसेना नेता व सांसद संजय राऊत ने अंधेरी स्थित डी.एन. नगर पुलिस थाने पहुंच कर धरना दिया। उन्होंने स्पष्ट रुख अपनाया कि जब तक तुषार गांधी को रिहा नहीं किया जाता, तब तक वे वहां से नहीं हटेंगे। दोनों नेताओं ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया। अगस्त क्रांति मैदान में होने वाले आंदोलन को देखते हुए पुलिस ने मैदान की ओर जाने वाली सभी सड़कों पर बैरिकेड लगाकर रास्ते बंद कर दिए थे।
प्रदर्शनकारियों को वहां एकत्र होने से रोकने के लिए पुलिस के साथ राज्य आरक्षित पुलिस बल और दंगा नियंत्रण दल को भी तैनात किया गया था। इसके बावजूद मुंबई के विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी अगस्त क्रांति मैदान की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान तुषार गांधी बांद्रा स्थित नेशनल कॉलेज जंक्शन से आंदोलन में शामिल होने के लिए निकले। तभी पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर डी.एन. नगर पुलिस थाने पहुंचा दिया। इसकी जानकारी मिलते ही प्रदर्शनकारियों ने पुलिस थाने के बाहर भीड़ जमा कर तुषार गांधी की रिहाई की मांग शुरू कर दी। शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे और सांसद संजय राऊत भी डी.एन. नगर पुलिस थाने पहुंचे और वहीं धरने पर बैठ गए। इस दौरान शिवसेना के विधायक अनिल परब, अजय चौधरी, महेश सावंत, हारून खान और अनंत बाला नर सहित कई नेता उपस्थित थे। पुलिस ने तुषार गांधी को सुबह हिरासत में लिया था, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों में नाराजगी पैâल गई। शिवसेना ने पुलिस थाने में धरना देते हुए घोषणा की कि तुषार गांधी की रिहाई तक वे वहां से नहीं हटेंगे। आखिरकार शिवसेना के धरने के बाद शाम लगभग ६ बजकर ४५ मिनट पर पुलिस ने तुषार गांधी को रिहा कर दिया। इसके बाद आदित्य ठाकरे ने धरना समाप्त करने की घोषणा की।
-यह लड़ाई भाजपा बनाम भारत!..आदित्य ठाकरे का जोरदार हमला
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ होने वाले आंदोलन को दबाने की कोशिश करने वाली सरकार पर शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे ने जोरदार हमला बोला है। तुषार गांधी की रिहाई के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि देशभर में आंदोलन हो रहे हैं, लेकिन भाजपा उन्हें दबाने की कोशिश कर रही है। आदित्य ठाकरे ने कहा कि तुषार गांधी शांतिपूर्ण आंदोलन करने जा रहे थे, लेकिन उन्हें पहले ही हिरासत में ले लिया गया। देशभक्त लोगों को गिरफ्तार किया जा रहा है। ऐसे में अब यह लड़ाई भाजपा बनाम भारत की हो गई है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा का शासन अब जाने वाला है। आदित्य ठाकरे ने चेतावनी देते हुए कहा कि आज से सभी सहयोगी दलों ने तय किया है कि जब भी किसी को हिरासत में लिया जाएगा, वे वहां पहुंचेंगे। सभी लोग सड़कों पर उतरेंगे। यदि किसी एक व्यक्ति को भी हाथ लगाया गया, तो वे चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने आगे कहा कि देश में जिस तरह से आंदोलन हो रहे हैं, उससे लगता है कि दिल्ली अब दूर नहीं है। सरकार ने देश में आपातकाल जैसी स्थिति लागू कर दी है और आंदोलनकारियों को उठाया जा रहा है।
