राजेश सरकार
प्रयागराज। शहर के चौफटका ओवर ब्रिज पर बुधवार सुबह तेज रफ्तार कार ने चार बाइकों में जोरदार टक्कर मार दी। इस भयानक हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि महिला समेत तीन लोग घायल हैं। हादसे के बाद ड्राइवर कार लेकर भाग निकला। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। आनन-फानन में घायलों को काल्विन अस्पताल में भर्ती कराया गया। टक्कर इतनी तेज थी कि दो बाइकें पूरी तरह टूटकर बिखर गईं। मृतक की पहचान मुंडेरा निवासी रोहित कुशवाहा (36) के रूप में हुई है। मृतक रोहित, भाजपा प्रीतम नगर मंडल के मीडिया प्रभारी राहुल कुशवाहा का छोटा भाई है। घायलों में विद्याभूषण (36) निवासी करछना, संजय अग्रहरि (52) निवासी हिम्मतगंज और मंजू (40) पत्नी सुनील कुमार निवासी करबला शामिल हैं। मंजू के सिर में चोट थी। उन्हें काल्विन हॉस्पिटल में इलाज के बाद घर भेज दिया गया। एक अन्य घायल विद्याभूषण को भी इलाज के बाद घर भेज दिया गया। संजय अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं।
गौरतलब है कि चौफटका पुल पर डिवाइडर नहीं है। पुल पर व्यस्त ट्रैफिक रहती है। बुधवार सुबह करबला की ओर से तेज रफ्तार कार धूमनगंज की तरफ जा रही थी। पुल पर सामने से आ रहे बाइक सवारों को कार ने टक्कर मार दी। इसके बाद कार की रफ्तार और बढ़ गई। चालक कार समेत फरार हो गया। हादसे में कार की नंबर प्लेट टूटकर पुल पर गिर गई। इसके आधार पर पुलिस ड्राइवर की तलाश कर रही है। हादसे में मृत रोहित डीजे और साउंड का कारोबार करता था। उसने रेलवे में वेंडिंग मशीन टिकट का ठेका भी लिया था। इनके पिता रवि प्रकाश रेलवे से रिटायर हैं। रोहित दो भाइयों में छोटा था। पुलिस के मुताबिक, जिस कार से यह हादसा हुआ, वह सफारी स्टॉर्म है। यह कार तलवंत सिंह पुत्र दरबारी सिंह निवासी चितरंजन पार्क, दिल्ली के नाम पर रजिस्टर्ड है। आरटीओ के दस्तावेजों में जो मोबाइल नंबर दर्ज है, फिलहाल उस पर संपर्क नहीं हो पा रहा है। एसीपी सिविल लाइंस विद्युत गोयल ने बताया- चौफटका ओवरब्रिज पर जिस जगह यह हादसा हुआ, वहां पर सीसीटीवी नहीं हैं। लेकिन, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया है कि आरोपी ड्राइवर कार लेकर धूमनगंज की ओर भागा है। ऐसे में प्रयागराज-कानपुर हाईवे पर धूमनगंज में लगे सर्विलांस कैमरों के फुटेज खंगालने के लिए टीम लगा दी गई है।
……..
