मुख्यपृष्ठसमाचार७ ग्राम सोने के लिए कर दी ८५ वर्षीया बुजुर्ग की हत्या!

७ ग्राम सोने के लिए कर दी ८५ वर्षीया बुजुर्ग की हत्या!

सामना संवाददाता / मुंबई

-१०० फीट गहरी खाई में फेंकी लाश

लालच मानव को दानव बना देती है। धन-दौलत, सोने-चांदी के लालच में इंसान ने बुनियादी रिश्तों को भी ताक पर रख दिया है। रिश्तों और इंसानियत को शर्मसार करनेवाली ऐसी ही एक घटना अलीबाग से सामने आई है, जहां आदिवासीवाड़ी में रहनेवाली ८५ वर्षीया सुनंदा लक्ष्मण पाटील की उनके ही कजिन के बेटे ने अपने दोस्त के साथ मिलकर चंद ग्राम सोने के आभूषण के लिए हत्या कर दी और लाश को अंबेनली घाट की १०० फीट गहरी खाई में फेंक दिया।
बता दें सोना महंगा होने के बाद बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाने की घटनाएं ४० फीसदी बढ़ी हैं। अकेली रहने वाली, कमजोर, रिश्तेदारों/नौकरों पर निर्भर रहने वाली महिलाएं सबसे ज्यादा टार्गेट पर हैं।
कार्यक्रम में जाने के लिए निकली थी पीड़िता
सुनंदा एक कार्यक्रम में जाने के लिए घर से निकली थीं। उन्होंने गले में सोने के आभूषण पहने हुए थे। इसी का फायदा उठाकर उनके कजिन का ३२ वर्षीय बेटा, जो टेंपो चलाता है और उसके २० वर्षीय दोस्त ने बुजुर्ग महिला को लिफ्ट ऑफर किया। रास्ते में मौका पाकर दोनों ने सुनसान जगह पर बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने लाश को पहले सेडगे के खाली पड़े मकान में छिपाया। फिर उसी दिन लाश को टेंपो में ले जाकर अंबेनली घाट पर फेंक दिया, ताकि सबूत न मिलने पाए।
घर नहीं लौटी तो बेटे ने लिखाई रिपोर्ट
कई घंटे बीत जाने के बावजूद सुनंदा घर नहीं लौटी और मोबाइल भी बंद बताने लगा तब बेटे ने मंडवा पुलिस स्टेशन में मां की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिले। टेक्निकल सर्विलांस और पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने घाटी से शव बरामद किया। मंडवा पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिली। दोनों को हिरासत में लेकर हत्या और लूट का केस दर्ज किया गया है।

अन्य समाचार