मुख्यपृष्ठसमाचारपुण्यतिथि पर आई पूर्व केंद्रीय मंत्री केएन सिंह की याद ... समाधिस्थल पर...

पुण्यतिथि पर आई पूर्व केंद्रीय मंत्री केएन सिंह की याद … समाधिस्थल पर हवन-यज्ञ एवं श्रद्धांजलि सभा

सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
इंदिरागांधी के प्रधानमंत्रित्वकाल में केंद्रीय मंत्रिपरिषद के सदस्य रहे कांग्रेस के शीर्ष नेताओं में शुमार किये जाने वाले अस्सी व नब्बे के दशक के प्रखर राजनेता रहे पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्व. केएन सिंह २६वीं पुण्यतिथि पर याद आए। उनके गृहजनपद सुल्तानपुर के कमलानेहरू भौतिक एवं सामाजिक विज्ञान संस्थान परिसर स्थित समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि सभा व हवन-यज्ञ का कार्यक्रम आयोजित किया गया।इस अवसर स्व.सिंह का संपूर्ण परिवार एकजुट दिखा और आमजनों ने भी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया।

यूपी के पूर्वांचल में कमला नेहरू मेमोरियल ट्रस्ट के जरिये कमला नेहरू संस्थान की स्थापना कर उत्कृष्ट शिक्षा की नींव रखने वाले पूर्व केन्द्रीय मंत्री केदारनाथ सिंह कांग्रेस के जमाने में बड़ी हस्ती हुआ करते थे। इंदिरागांधी मंत्रिपरिषद में वे विभिन्न मंत्रालयों में रहे। जबकि राजीव गांधी के प्रधानमंत्रित्वकाल में वे कांग्रेस के प्रभावशाली राष्ट्रीय महासचिव हुआ करते थे। उन्होंने कमला नेहरू संस्थान की स्थापना वर्ष १९७२में की थी, जो आज वटवृक्ष बन चुका है। मंगलवार को कमला नेहरू संस्थान परिसर में स्थित उनकी समाधि स्थल पर पुष्पार्चन किया गया।

पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व.सिंह के ज्येष्ठ पुत्र अरविन्द सिंह, यूपी सरकार में मंत्री रह चुके शहर विधायक विनोद सिंह, पूर्व एमएलसी अशोक सिंह, डॉ अखंड प्रताप सिंह, ओम प्रकाश सिंह व पुलकित सिंह आदि परिवारीजनों ने सपत्नीक हवन पूजन किया। इन अवसर पर स्व. सिंह के पुत्र विधायक विनोद सिंह ने कहा कि बाबू जी ने जिस उम्मीद के साथ शिक्षा की नींव रखी थी वह आज फलीभूत हो रहा है। देश की समृद्धि में शिक्षा का योगदान अहम है। समाज के कमजोर एवं निर्बल वर्ग तक शिक्षा पहुंचे यह हम सभी का प्रयास है। प्राचार्य प्रो आलोक कुमार सिंह ने कहा कि बाबू केदारनाथ सिंह बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी थे उन्होंने राजनीति के साथ ही समाज के उत्थान के लिए हुए सार्थक प्रयास किया। कमला नेहरू संस्थान उनकी ऊँची सोच का परिणाम है। इस मौके पर प्रो. राधेश्याम सिंह, प्रो. सुशील कुमार सिंह, प्रो महेश प्रसाद, प्रो डीएस पुंडीर , डॉ एनडी सिंह, मृदुल कुमार सिंह, जेबी सिंह, राणाप्रताप पीजी कालेज के प्राचार्य प्रो. डीके त्रिपाठी, संत तुलसीदास पीजी कालेज के प्राचार्य प्रो. रामनयन सिंह, एएनडीटीटी कॉलेज सीतापुर के प्राचार्य प्रो. एसपी सिंह, सल्तनत बहादुर पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. एसपी सिंह, परीक्षा नियंत्रक प्रो. प्रवीण कुमार सिंह समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

अन्य समाचार