मध्य प्रदेश के जबलपुर के ग्वारीघाट थाना क्षेत्र की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां बचपन की सहेली ने अपनी दूसरी सहेली के चेहरे पर तेजाब डाल दिया। सहेली इस बात से नाराज थी कि दोनों एक-दूसरे से बातचीत नहीं कर रही थी। बताया जा रहा है कि पीड़िता श्रद्धा दास और आरोपी सहेली इशिता साहू में बातचीत नहीं हो रही थीं। बस इसी बात से नाराज इशिता ने श्रद्धा के चेहरे पर तेजाब डाल दिया। फिलहाल सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज करते हुए आरोपी इशिता साहू को हिरासत में लिया है और पूछताछ कर रही है।
पूरी घटना ग्वारीघाट थाना क्षेत्र के अवधपुरी कॉलोनी की है, जहां बीबीए की पढ़ाई कर रही २३ साल की श्रद्धा दास का करीब एक महीने से सहेली इशिता साहू से वाद-विवाद चल रहा था। दोनों में बातचीत भी नहीं हो रही थी। कल शाम को इशिता अचानक श्रद्धा के घर आई और सरप्राइज देने की बात कहकर उसे बाहर बुलाया। श्रद्धा ने मना कर दिया और कहा कि अगली सुबह उसका पेपर है और उसे पढ़ाई करनी है। लेकिन इशिता के जोर देने के कुछ देर बाद वह बाहर आ गई। बातचीत के बाद जब श्रद्धा घर लौटने लगी, तभी इशिता ने अपने हाथ में रखे सफेद रंग के जार से उसके चेहरे पर कोई तरल पदार्थ फेंका। देखते ही देखते श्रद्धा को जलन महसूस होने लगी और उसे एसिड जैसी तीखी गंध आने लगी। श्रद्धा दास की चीख-पुकार सुनकर उसकी मां जोसना दास और पिता पीरुलाल दास तुरंत बाहर आए और उसे तुरंत बाथरूम में ले जाकर पानी से धोया। बेटी को तुरंत मोहन लाल हरगोविंद अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में भर्ती श्रद्धा के चेहरे, आंखों, छाती, दोनों हाथ और पैरों पर गंभीर रूप से जलने के घाव पाए गए हैं। वर्तमान में उसका इलाज जारी है।
