अमिताभ श्रीवास्तव
पिछले तीन रोज से पॉप स्टार हैरी स्टाइल्स को लेकर दुनियाभर में उसके द्वारा एक पार्टी में लिए गए चुंबन की चर्चा है। वो किस लड़की के साथ था, यह अब तक रहस्यमयी था। दरअसल, हैरी एक अय्याश किस्म का पॉप स्टार है, जिसके रोमांस की सुर्खियां कई लड़कियों के साथ समय-समय पर आती रही हैं और हाल ही में वो अपनी बीवी से अलग हुआ है। पिछले रविवार एक पार्टी में हैरी को एक लड़की के साथ नाचते हुए देखा गया और उसके साथ चुंबन की तस्वीर वायरल हो गई, मगर उस तस्वीर में यह साफ नहीं हो पा रहा था कि वो लड़की कौन है। पर अब पता चल गया है कि रविवार देर रात का ग्लास्टनबरी चुंबन एला केनी नामक एक निर्माता के साथ था। ३१ वर्षीय वाटरमेलन शुगर गायक ने एला के साथ फेस्टिवल में मुलाकात से पहले भी समय बिताया था और जिसे रविवार की रात २.३० बजे वीआईपी बार में कैमरे पर कैद किया गया था। यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों पहले से एक-दूसरे को जानते थे या नहीं, यहां तक कि वह इंस्टाग्राम पर उसे फॉलो नहीं करता है। हैरी का गैर-सेलिब्रिटी की ओर कदम बढ़ाना एक बदलाव है, जबकि टेलर स्विफ्ट, अभिनेत्री ओलिविया वाइल्ड और मॉडल केंडल जेनर सहित कई प्रसिद्ध नामों के साथ उसके रोमांस का एक इतिहास रहा है। बोर्नमाउथ विश्वविद्यालय से स्नातक एला लंदन के एक स्टूडियो में काम करती हैं, जो रिकॉर्ड कंपनियों और फैशन ब्रांडों सहित व्यवसायों के लिए ‘क्रॉसप्लेटफॉर्म सामग्री’ का उत्पादन करता है। हैरी का एक सामान्य लड़की के साथ ऐसा करना लोगों को आश्चर्य में डालता है, क्योंकि वह मशहूर लड़कियों संग रोमांस करता रहा है। दोनों के बीच वैâसी खिचड़ी पक रही है, यह जल्द ही पता चलेगा।
क्रूर तानाशाह रोया
क्या कभी किसी ने क्रूर तानाशाह की आंखों में आंसू देखे हैं? तानाशाह कभी नहीं रोता और वह तानाशाह जो अपने ही परिवार वालों को मौत के घाट उतार दे, कैसे रो सकता है। जी हां, हम बात कर रहे हैं उत्तरी कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन की। किम के कई सारे ऐसे किस्से दुनिया में कुख्यात हैं, जिसमें उसकी क्रूरता की बात है। मगर कल वो रोया। उसके आंसू दुनिया ने देखे। दरअसल, किम जोंग उन उस समय रो पड़ा जब उसने खुद अपने उत्तर कोरियाई सैनिकों के ताबूतों पर झंडा लपेटा और श्रद्धांजलि दी। इन सैनिकों को उसने यूक्रेन के खिलाफ पुतिन की अग्रिम पंक्ति की सेना में मरने भेजा था। लगभग १२,००० उत्तर कोरियाई सैनिकों को रूस की ओर से लड़ने के लिए भेजा गया था। मगर वे युद्ध के लिए तैयार नहीं थे और युक्रेन के ड्रोन हमले में उनमें से कई मारे गए। किम ने एक समारोह आयोजित किया, जिसमें जेलेंस्की की सेना द्वारा मारे गए सैनिकों को याद किया गया और इस तानाशाह को पहली बार भावुक होते देखा गया। विशाल सभागार में हजारों उत्तर कोरियाई लोग सावधान की मुद्रा में खड़े थे, जिनमें किम अग्रिम पंक्ति में थे। सामने एक विशाल स्क्रीन पर किम द्वारा सैनिकों के ताबूतों पर उत्तर कोरियाई ध्वज लपेटने की तस्वीरें प्रसारित की गर्इं, जबकि एक विशाल ऑर्केस्ट्रा ने भावनात्मक संगीत बजाया। बता दें कि रूस और उत्तर कोरिया के मध्य संधि के तहत उत्तर कोरिया ने अपने सैनिकों को भेजा था। किम रूस को और भी सैनिक भेजेगा ऐसा भी कहा गया है। पहले इसकी जानकारी नहीं थी कि उत्तर कोरिया के सैनिक भी रूस के साथ मिलकर लड़ रहे हैं मगर जब पुख्ता सबूत मिले तो पता चल गया। अब तो खुद तानाशाह को रोते हुए दुनिया देख रही है।
(लेखक वरिष्ठ खेल पत्रकार व टिप्पणीकार हैं।)
