फिरोज खान
कपड़े की दुकान में सेल्समैन का काम करनेवाला जावेद अपनी पत्नी के साथ दहिसर-पूर्व में रहता था। उसे एक १० साल की बेटी भी थी। परिवार में सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा था कि जावेद का रवैया अचानक बदल गया। वह आए दिन पत्नी को मारने-पीटने लगा। असल में जावेद को भनक लग गई थी कि उसकी पत्नी का किसी और के साथ प्रेम संबंध चल रहा है। जावेद को यह बात पता चलने के बाद से वह पत्नी को नफरत भरी नजरों से देखने लगा। पति द्वारा सख्ती बरतने के बावजूद पत्नी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रही थी। जावेद की गैरमौजूदगी में वह अपने प्रेमी से मिलती थी। कभी-कभी तो प्रेमी को वह अपने घर बुला लेती थी। पति की रोज-रोज की पिटाई से तंग आकर उसने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करने की साजिश रच डाली।
साजिश बड़ी खौफनाक थी। जावेद अपने घर में सो रहा था, तभी पत्नी ने अपने प्रेमी को बुला लिया। प्रेमी धारदार हथियार लिए घर पहुंचा। बेखबर सो रहे जावेद पर उसने हथियार से हमला कर दिया। यहां तक कि जावेद का गला तक रेत दिया। हैरान कर देनेवाली बात यह थी कि यह हत्या जावेद की नाबालिग बच्ची के सामने की गई। बेटी पिता को जमीन पर तड़पता हुआ देख रही थी। घर में चारों तरफ खून के छींटें उड़ चुके थे। छोटी बच्ची पिता के कत्ल को देख इस कदर घबरा गई कि उसकी आवाज ही चली गई। वह चिल्लाना, चीखना चाह रही थी, लेकिन उसके गले से आवाज ही नहीं निकल रही थी। पत्नी और प्रेमी के सामने यह सवाल था कि लाश का क्या करें। उन्हें डर था कि अगर लाश को बाहर कहीं ले जाया गया तो आस-पास के लोगों को भनक लग जाएगी।
काफी देर सन्न रहने के बाद पत्नी ने प्रेमी से कहा, क्यों न लाश को घर के अंदर ही दफना दिया जाए। दोनों ने मिलकर घर में गड्ढा बनाया और जावेद की लाश को दफनाकर ऊपर सीमेंट से लीपा-पोती कर दी। दूसरे कमरे में मौजूद बेटी यह सब देखकर कांपती रही। मां और उसके प्रेमी ने बच्ची को बुरी तरह धमका रखा था। बच्ची छिप छिपकर वहां बैठकर रोती, जहां पिता को मार कर दफनाया गया था। वह चाहकर किसी से बता नहीं पा रही थी। दो हफ्ते बीत जाने के बाद बच्ची का चाचा घर आया। बच्ची की हालत देखकर वह परेशान हो गया। भाभी से भाई के बारे में पूछने पर उसने टाल-मटोल जवाब दिया तो वह हैरानी में पड़ गया। बच्ची जोर-जोर से रोए जा रही थी, लेकिन कुछ कह नहीं पा रही थी, क्योंकि मां उसे घूर रही थी। मामला संगीन लगने पर उसने पुलिस स्टेशन जाकर भाई की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस की तहकीकात में पता चला कि बच्ची पिता के बारे में सब कुछ जानती है। चाचा और पुलिस ने उसे विश्वास में लेकर पूछा तो पता चला कि घर के कमरे में जावेद का कत्ल कर लाश को दफना दिया गया है।
