मुख्यपृष्ठनए समाचारमुंबई, हाइड्रो गांजे की चपेट में!..नेपाल-बांग्लादेश के रास्ते आ रही है नशे...

मुंबई, हाइड्रो गांजे की चपेट में!..नेपाल-बांग्लादेश के रास्ते आ रही है नशे की खेप…इंंस्टाग्राम के जरिए ड्रग्स पैडलर कर रहे हैं बिक्री…मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सदन में किया कबूल

धीरेंद्र उपाध्याय / मुंबई

मुंबई में ड्रग्स का जाल फैलता जा रहा है। अब एक नए ड्रग्स की चर्चा ने जोर पकड़ा है। इसका नाम है ‘हाइड्रो गांजा’। इसे आसानी से तैयार किया जाता है। इस हाइड्रो गांजे का सेवन मुंबई के साथ ही पूरे महाराष्ट्र में तेजी से बढ़ा है। इस बात को खुद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्वीकार किया है।
अमेरिका-थाईलैंड ने किया लीगल
अमेरिका और थाईलैंड ने हाइड्रो गांजे को वहां लीगल कर दिया है। इससे तस्कर नेपाल और बांग्लादेश के रास्ते इसे महाराष्ट्र समेत पूरे हिंदुस्थान में पहुंचा रहे हैं। साथ ही इस तरह की ड्रग तस्करी के लिए अब पैडलर इंस्टाग्राम का इस्तेमाल कर रहे हैं।
कुरियर से आ रही है ड्रग्स की खेप!

मुंबई में कुरियर के जरिए ड़ग्स की खेप आ रही है। इस बात का खुलासा कल मानसून सत्र के दौरान विधान परिषद में हुआ। कल विधान परिषद में इसे लेकर विपक्षी दलों के सदस्यों ने चिंता भी व्यक्त की। कांग्रेस के सदस्य भाई जगताप ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के तहत राज्य में तेजी से बढ़ रहे एमडी ड्रग और ब्राऊन शुगर की तस्करी किए जाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि ड्रग तस्करों पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं रहा।
विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष अंबादास दानवे ने कहा कि नशीले पदार्थों की तस्करी में पुलिसकर्मियों की भी संलिप्तता पाई गई है। तस्करी अब ग्रामीण इलाकों में गांव-गांव तक पहुंच चुकी है। १० से १२ साल के बच्चे भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। दानवे ने बताया कि ये मादक पदार्थ बसों और कुरियर के माध्यम से वितरित किए जा रहे हैं। तस्करी का यह जाल स्कूल, कॉलेजों और धार्मिक स्थलों तक पहुंचाए गए हैं। ऐसे स्थानों पर विशेष नजर रखना बेहद जरूरी है इसलिए क्या सरकार आने वाले समय में ऐसे स्थानों पर सभी संबंधित विभागों की एक संयुक्त टास्क फोर्स गठित करेगी? इसका जवाब देते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि गुप्त जानकारी के आधार पर दो इंडोनेशियाई नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से २१.९५ करोड़ रुपए के २१ किलो हाइड्रो गांजा बरामद किया गया है। इस मामले में ऑस्ट्रेलिया में रह रहे नवीन जिचकर को भी गिरफ्तार किया गया है, जो कुरियर के जरिए भारत में हाइड्रो गांजा भेजता था। इस अपराध में शामिल पोस्ट ऑफिस, कस्टम विभाग और दो पुलिसकर्मियों को भी गिरफ्तार किया गया है।
बनाए जाएंगे एंटी-ड्रग क्लब
सीएम ने कहा कि ड्रग्स के अंतर्राज्यीय और अंतर्राष्ट्रीय रैकेट सक्रिय हैं। पड़ोसी देशों से भी ड्रग्स भारत में आ रहे हैं। इसे रोकने के लिए सूचनाओं का आदान-प्रदान और समन्वय जारी है। इसे रोकने के लिए नागरिकों के एंटी-ड्रग क्लब बनाए जाएंगे और जनजागृति पर जोर दिया जाएगा।
कैंसर मरीजों का इस्तेमाल
फडणवीस ने माना कि ड्रग्स की तस्करी में अब केवल ड्रग पैडलर ही नहीं, बल्कि उससे जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड चेन के आरोपी भी गिरफ्तार किए जा रहे हैं। पुलिस के लिए इन्हें पकड़ना अनिवार्य किया गया है। इस बीच यह चौंकाने वाली जानकारी सामने आई कि अंतिम स्टेज की दो कैंसर मरीजों का भी ड्रग्स की तस्करी में इस्तेमाल किया गया है। इस मामले में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिसवालों पर बर्खास्तगी की कार्रवाई
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि स्कूलों और कॉलेजों के आसपास की पान दुकानों पर कार्रवाई शुरू हो चुकी है। जांच में यह सामने आया है कि इसमें कुछ पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। पहले ऐसे पुलिसकर्मियों को सिर्फ निलंबित किया जाता था, लेकिन अब उन पर सीधी बर्खास्तगी की कार्रवाई की जा रही है।

 

 

अन्य समाचार