मुख्यपृष्ठनए समाचारपाकिस्तान के साथ हॉकी खेलने में शर्म आनी चाहिए...आदित्य ठाकरे का सरकार...

पाकिस्तान के साथ हॉकी खेलने में शर्म आनी चाहिए…आदित्य ठाकरे का सरकार पर हमला

सामना संवाददाता / मुंबई

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पाकिस्तानी आतंकियों द्वारा किए गए हमले के जख्म अभी भरे भी नहीं हैं और एशिया कप हॉकी व जूनियर हॉकी विश्व कप के लिए पाकिस्तानी टीम को हरी झंडी दे दी गई है। यूएई में होने वाले एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट में भी भारत-पाकिस्तान मुकाबले की संभावना है। इसे लेकर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता, युवासेनाप्रमुख और विधायक आदित्य ठाकरे ने कल सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पाकिस्तान के साथ हॉकी और क्रिकेट खेलना शर्मनाक है।
आदित्य ठाकरे ने विधानभवन परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए इस मुद्दे पर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि केंद्रीय खेल मंत्रालय ने पाकिस्तान को भारत में हॉकी टूर्नामेंट में खेलने की अनुमति दी है। आगे एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट भी होना है। अगर बीजेपी की मंशा पहले हॉकी का मैच कराके जनभावना को समझते हुए फिर क्रिकेट मैच के लिए अनुमति देना है तो गलत है। उन्होंने कहा कि चूंकि सरकार आईसीसी और बीसीसीआई को सीधे बोल नहीं पा रही है इसलिए हॉकी टूर्नामेंट का सहारा लेकर अपना मकसद साध रही है, लेकिन इसके बारे में सरकार को सफाई देनी पड़ेगी।
उन्होंने कहा कि पहलगाम हमले के आतंकियों को अभी तक पकड़ा नहीं गया है। आतंकियों के स्केच भी गलत साबित हुए। ऑपरेशन सिंदूर के बाद सांसदों का प्रतिनिधिमंडल पूरी दुनिया में गया और बड़े नेताओं से मिलने की कोशिश की। अगर बीजेपी को लगता है कि इस तरह वोट मिल सकते हैं तो यह नहीं चलेगा, केंद्र को जवाब देना ही पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जब तक आतंकवाद पूरी तरह समाप्त नहीं होता, तब तक ऐसी घटनाओं से पाकिस्तान को लाभ न हो, इस पर केंद्र सरकार अडिग रह सकती है या नहीं, यह देखना होगा, ऐसा सवाल भी उन्होंने उठाया।

अन्य समाचार