हृदयनारायण दीक्षित
संविधान की उद्देशिका में सेकुलर शब्द आपातकाल में जोड़ा गया था। संविधान के मूल पाठ में भी इसका अंग्रेजी शब्दानुवाद ‘सेकुलर’ नहीं था। प्रो. के.टी. शाह ने संविधान सभा में इसे दो दफा जुड़वाने की कोशिश की। १५ नवंबर, १९४८ के दिन अनु. १ में ‘सेकुलर’ शब्द जोड़ने का उनका प्रस्ताव गिर गया। फिर २५ नवंबर, १९४८ को एक अन्य प्रस्ताव में ‘सेकुलर’ शब्द का प्रस्ताव औंधे मुंह गिरा। १९७६ में ४२वें संविधान संशोधन के जरिए ‘सेकुलर’ जोड़ा गया। इसका अधिकृत हिंदी पाठ धर्मनिरपेक्षता न होकर पंथनिरपेक्षता है। धर्म की धारणा पंथ, मत, रिलीजन या आस्था विश्वास से भिन्न है। धर्म हरेक वस्तु या प्राणी का स्वभाव है, आस्था नहीं। अग्नि का धर्म ताप और जल का धर्म है रस। पृथ्वी का गुण कर्म धर्म है-गुरूत्वाकर्षण। पंथ, मत, मजहब आस्था विश्वास हैं। धर्म आस्थामुक्त है। यहां कोई एक देवदूत नहीं। कोई एक आस्थाग्रंथ नहीं। भारत के लोगों की विवेकशील जीवनशैली का नाम है धर्म। धर्म यानी सनातन सत्य। इसलिए भारत धर्मनिरपेक्ष नहीं हो सकता। पंथनिरपेक्षता भारत के धर्म का ही स्वाभाविक प्रवाह है।
प्रत्येक शब्द का अर्थ होता है। अर्थ की विकृति में अनर्थ होता है। हरेक शब्द के जन्म का एक इतिहास भी होता है। एक विशेष परिस्थिति और संस्कृति में शब्द का विकास होता है। जर्मन दार्शनिक वाल्टेयर ने इसीलिए ‘तर्क से पहले शब्दों की परिभाषा’ को जरूरी बताया था। सेकुलर विचार का जन्म यूरोपीय पंथिक राज्य की तानाशाही की प्रतिक्रिया में हुआ। प्राचीन भारतीय इतिहास में पंथ/आस्था की तानाशाही वाला कोई राजा या राज्य नहीं हुआ।
यूरोप में चर्च की पंथ आधारित तानाशाही चली। आमजनों के साथ-साथ राजा और राज्य व्यवस्थाएं भी बिलबिला गईं। भारत धर्म क्षेत्र होकर भी धार्मिक तानाशाही से मुक्त रहा। यूरोप कथित विवेक विज्ञान से लैस होकर भी अंधआस्थावाद के जबड़ों में पिसा। यूरोपीय मध्यकाल अंधकार युग है, भारतीय मध्यकाल में मजहबी बादशाहत के बावजूद ज्ञान-विज्ञान और तर्क सम्मत धर्म विवेक का प्रवाह है।
छद्म सेकुलरवाद या कथित धर्मनिरपेक्षता सड़ा-गला विदेशी माल है। पश्चिम में चर्च की तानाशाही और राजा की राजशाही के बीच लंबी लड़ाई चली। पोप इन्नोसेंट तृतीय के समय (११९८-१२१६) चर्च के सामने राजा की ताकत नगण्य थी। इंग्लैंड और प्रâांस के राजा उसके दबदबे में थे। इटली उसके नियंत्रण में था। पोप से प्रâांस के राजा फिलिप का विवाद हुआ। मूल प्रश्न था कि सत्ता राजा चलाएगा या पोप की पंथिकसत्ता? प्रâांस के राजा फिलिप ने पादरी समुदाय पर भी कर लगाया। पोप ने विरोध किया। पोप ने आदेश पत्र में कहा कि राजा और राज्य भी पोप-चर्च के अधीन हैं। चर्च की संपत्ति या लोग सांसारिक राज्य के अधीन नहीं आते। यही आदेश इंग्लैंड के लिए भी था। इंग्लैंड में काफी जद्दोजहद के बाद राजा का आदेश माना गया, पादरी झुक गए। प्रâांस में पोप के आदेश के विरुद्ध राजा ने पोप के लोगों का प्रâांस प्रवेश रोक दिया। पोप और प्रâांस के राजा के बीच की टकराहट बढ़ती गई। राजा ने देश के बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाकर तय किया, ‘हम सांसारिक मामलों में किसी अन्य सत्ता के अधीन नहीं हैं।’ इंग्लैंड के राजा हेनरी सप्तम और हेनरी अष्टम भी चर्च के आधिपत्य से लड़े। हेनरी अष्टम के सहायक और हाउस ऑफ लार्ड्स के सदस्य कार्डीनल वूल्जे ने बाइबिल के हवाले से कहा, ‘जो ईश्वर का है, उसे ईश्वर को दो और जो राजा का है वह राजा को।’ सिद्धांत यह बना कि सभी सांसारिक विषयों पर सत्ता का अधिकार है और ईश आस्था से जुड़े कार्य चर्च के हैं।
चर्च की अंध आस्थावादी तानाशाही और संसारवाद की लड़ाई में यथार्थवाद की जीत हुई। १८७० में पोप के रोम पर इटली का अधिकार हो गया। इटली की संसद (१८७१) ने ‘लॉ ऑफ पेपर गारंटीज’ पारित किया। पोप को उनका पड़ोसी क्षेत्र ‘वेटिकन’ देकर सर्वोच्च शासक माना गया। बाकी रोम अलग हो गया। १९०५ में प्रâांस ने भी कानून बनाकर भौतिक विषयों पर राज्यव्यवस्था का एकाधिकार मजबूत किया। सारांश यह कि राजकाज के संचालन में संगठित पंथ से भिन्न व्यक्ति की गरिमा ही सेकुलरवाद है। वेटिकन दुनिया का सबसे छोटा देश है। पोप पंथिक राष्ट्राध्यक्ष हैं। सारी दुनिया को ईसाई बनाना उनका लक्ष्य है। कथित धर्मनिरपेक्षता अवसरवादी भारतीय राजनीति का ‘फास्टफूड’ है। चैंबर्स ट्वैंटींथ सेंचुरी डिक्शनरी व अंग्रेजी लागमैन डिक्शनरी सहित पश्चिम के सभी शब्दकोषों में इसका अर्थ पंथ-मजहब से असंबद्ध, ईश्वर आस्था से पृथक भौतिक संसार है। लेकिन अल्पसंख्यकवादी भारतीय राजनीति में इसका अर्थ मजहबवाद है। यहां मजहबी आरक्षण भी सेकुलर है और इसका संवैधानिक विरोध भी सांप्रदायिकता है। हिंदू होना सेकुलर विरोधी होना है और मजहबी कट्टरपंथ का समर्थन धर्मनिरपेक्षता है। बड़ा हास्यास्पद और हिंसक हथियार है धर्मनिरपेक्षता।
‘हम भारत के लोग’ प्राचीन धर्म और संस्कृति के कारण ही सर्वपंथ आदरभाव से युक्त हैं। यहां आयातित सेकुलरवाद की कोई जरूरत नहीं है। पंथ निरपेक्षता भारत का स्वभाव है। इसका मूल अर्थ सर्वपंथ समभाव है। अथर्ववेद में माता पृथ्वी की स्तुति है। यह माता भिन्न-भिन्न विचार वाले जनों को पोषण देती है। सारे मत अंतत: एक हैं। गीता भी कहती है कि जो विभक्त दिखाई पड़ने वाले संसार को अविभक्त इकाई से देखता है, वही सही देखता है। छद्म ‘धर्म-निरपेक्षता’ राष्ट्रभाव का अपमान है। रिलीजन-मत या मजहब की आस्था और धर्म एक नहीं है। भारत में प्रत्येक आस्था को आदर मिला। आखिरकार, मजहबी बहुमत वाला एक भी मुल्क पंथनिरपेक्ष क्यों नहीं है? भारत के धर्म और संस्कृति ने दयानंद, विवेकानंद, गोखले, तिलक, गांधी, पटेल, डॉ. हेडगेवार, डॉ. लोहिया, विपिन चंद्र पाल, बंकिम चंद्र जैसे प्रेरक व्यक्तित्व दिए हैं। सेकुलर का अर्थ भौतिक और सांसारिक ही होता है, धर्मनिरपेक्ष नहीं। मजहबी अल्पसंख्यक परस्ती तो कतई नहीं। उधार का ज्ञान खतरनाक होता है। उधार के शब्द और भी खतरनाक होते हैं। निरंतर प्रयोग से शब्द भी घिसते हैं। दुरुपयोग से पिटते भी हैं। इस तरह घिसे-पिटे शब्द अपनी आभा खो देते हैं। शब्दों का सम्यक ज्ञान सम्यक प्रयोग ही लोकमंगल का मार्ग है। पतंजलि ने महाभाष्य में शब्दों के सम्यक प्रयोग के ही निर्देश दिए हैं।
