मुख्यपृष्ठनए समाचारबड़े हनुमान मंदिर की चौखट पर पहुंचीं गंगा-यमुना

बड़े हनुमान मंदिर की चौखट पर पहुंचीं गंगा-यमुना

राजेश सरकार / प्रयागराज

प्रयागराज में गंगा और यमुना नदियों का जलस्तर लेटे हुए बड़े हनुमान मंदिर की चौखट तक पहुंच गया है। दोनों नदियों का पानी रविवार रात में बहुत तेजी से बढ़ा है। सोमवार सुबह करीब 10 बजे तक दोनों नदियों का जलस्तर 80 मीटर के पार पहुंच गया। डेंजर लेवल से लगभग चार मीटर नीचे नदियां बह रही हैं। यमुना नदी का जलस्तर 175 सेमी. प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ने के बाद अब 80.80 मीटर पर पहुंच गया। गंगा फाफामऊ में 103 सेमी. बढ़कर अब 80.43 मीटर और छतनाग में 124 सेमी. बढ़कर अब 80.06 मीटर पर पहुंच गई हैं। दोनों नदियों का जलस्तर रात में इतनी तेजी से बढ़ा कि सोमवार भोर में ही पानी बड़े हनुमानजी मंदिर की चौखट यानी दीवार तक आ गया है। उम्मीद है कि इसी तरह से जलस्तर में बढ़ोत्तरी होती रही तो जल्द ही मां गंगा और यमुना अपने पवित्र जल से बड़े हनुमान जी को स्नान भी कराएंगी।
गंगा-यमुना के स्वागत की तैयारी
पिछले वर्ष 2024 की बात की जाए तो दोनों नदियों का जलस्तर बहुत तेजी से बढ़ा था। यह पवित्र जल दो बार बड़े हनुमानजी मंदिर में पहुंचा था। यानी दो बार बड़े हनुमानजी दोनों नदियों के जल से स्नान किए थे। इस बार भी मंदिर प्रबंधन की ओर से इसकी तैयारी की जा रही है। बाघम्बरी गद्दी के महंत बलवीर गिरि बताते हैं कि यह शुभ संयोग होता है, जब हर साल मां गंगा-यमुना खुद बड़े हनुमानजी के पास पहुंचती हैं और अपने पवित्र जल से स्नान
कराती हैं। इस बार भी मंदिर में इस शुभ योग के भव्य स्वागत की तैयारी की गई है।

अन्य समाचार