मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ
राजधानी लखनऊ निवासी अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला के यान की कैलीफोर्निया के तट पर सुरक्षित लैंडिंग देख उनके माता-पिता भावुक हो गए। माता-पिता ने कहा कि यह हमारे जीवन का सबसे गौरवपूर्ण क्षण है। शुभांशु शुक्ला की मां आशा शुक्ला ने कहा कि मैं इस चीज को शब्दों में बयान नहीं कर सकती हूं। जब लैंड हो रहा था तब बस थोड़ा डर लगा था लेकिन सब अच्छे से हो गया है ईश्वर साथ में हैं, उन्होंने उसे वहां पहुंचाया था और उन्होंने ही उसे सुरक्षित लैंड कराया है। उन्होंने कहा कि यह हमारे जीवन का सबसे गौरवपूर्ण क्षण है।
बता दें कि भारतीय सेना के ग्रुप कैप्टन लखनऊ निवासी शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन से अपना मिशन पूरा कर मंगलवार को अपराह्न तीन बजे अपने यान से कैलीफोर्निया के तट पर उतरे हैं। अंतरिक्ष यान के सकुशल लैंड करते ही उनके माता-पिता भावुक हो गए। उन्होंने इस दौरान लैंडिंग का सजीव प्रसारण देखा। लखनऊ के एज स्कूल में पहले से ही इसके लिए इंतजाम किए गए थे। शुभांशु की मां आशा देवी और पिता शंभू दयाल शुक्ला भावुक हो गए। मां बोलीं ये हमारे जीवन का सबसे गौरवपूर्ण क्षण है। बहन शुचि मिश्रा ने कहा कि वो वापस आ गए हैं। यह पूरे देश के लिए बहुत गौरव का क्षण है। हम बहुत उत्साहित हैं।
