मुख्यपृष्ठनए समाचारमुख्यमंत्री फडणवीस जल्द करेंगे फेरबदल...भ्रष्ट मंत्रियों ने किया मंत्रिमंडल को बदनाम!..शिंदे गुट...

मुख्यमंत्री फडणवीस जल्द करेंगे फेरबदल…भ्रष्ट मंत्रियों ने किया मंत्रिमंडल को बदनाम!..शिंदे गुट के विवादास्पद चेहरे हटाए जाएंगे

सुनील ओसवाल / मुंबई

कई मंत्रियों के भ्रष्ट आचरण के कारण महायुति सरकार को बदनामी झेलनी पड़ी है। ऐसे में राज्य मंत्रिमंडल में जल्द ही बड़ा फेरबदल होने की संभावना है। शिंदे गुट के विवादास्पद मंत्रियों की वजह से फडणवीस सरकार की छवि धूमिल हो रही है, इसी कारण यह निर्णय लिया जाएगा।
सरकारी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आगामी स्थानीय निकाय चुनावों को ध्यान में रखते हुए फडणवीस सरकार अपने मंत्रिमंडल में बदलाव करने जा रही है। विवादास्पद और निष्क्रिय मंत्रियों को बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है। आरोप है कि राज्य में कामकाज से ज्यादा सरकार की बदनामी शिंदे गुट की ओर से हो रही है। सूत्रों के अनुसार, शिंदे गुट के संजय राठौड़, संजय शिरसाट, शंभूराजे देसाई, संजय गायकवाड़ और उदय सामंत जैसे मंत्रियों को मंत्रिमंडल से हटाया जा सकता है। पिछले कुछ दिनों में महायुति सरकार के कई मंत्री विवादों में घिर गए हैं। शिंदे गुट के कुछ मंत्री विवादास्पद बयान दे रहे हैं, तो कुछ पर भ्रष्टाचार के आरोप हैं। अजीत पवार गुट के कुछ मंत्रियों के बयान किसानों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले माने जा रहे हैं, जिससे नाराजगी भी सामने आई है।
नाकाम मंत्रियों पर लटकी तलवार
कामकाज में नाकाम कुछ अन्य मंत्रियों को भी हटाया जा सकता है और कुछ युवा विधायकों को मौका दिया जा सकता है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि किसे मंत्रिमंडल से बाहर किया जाएगा और किसे मौका मिलेगा। इसको लेकर अंदरखाने तैयारियां शुरू हो गई हैं।

अन्य समाचार