मुख्यपृष्ठअपराधनालासोपारा में १,२०० रुपए के लिए दो गुटों में तुलिंज पुलिस थाने...

नालासोपारा में १,२०० रुपए के लिए दो गुटों में तुलिंज पुलिस थाने में फिल्मी स्टाइल में मारपीट

राधेश्याम सिंह / वसई

नालासोपारा के प्रगति नगर इलाके में एक सोसायटी में पानी का १,२०० रुपए न देने को लेकर दो गुटों में विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। मामला तुलिंज पुलिस थाने तक पहुंचा, जहां पुलिस थाने के अंदर भी दोनों गुटों के बीच फिल्मी स्टाइल में मारपीट हुई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, निलगगन अपार्टमेंट में रहने वाले मोहम्मद सलीम शेख और जास्मिन शेख ने सोसायटी के पानी का १,२०० रुपए का बिल अदा नहीं किया था। इसके चलते महेश्वरी चौधरी, अरिफ शेख और उनके परिवार के कुछ सदस्य तथा गुलीस्ता, मुस्तफा, सलीम के बीच विवाद हुआ। इसी विवाद के चलते दोनों पक्षों के बीच झगड़ा इतना बढ़ गया कि मारपीट में बदल गया। मारपीट के दौरान जास्मिन शेख ने अपनी सोने की चेन गायब होने का आरोप भी लगाया। विवाद शांत न होने पर दोनों पक्ष पुलिस थाने पहुंचे, लेकिन वहां भी मामला बिगड़ गया और पुलिस थाने के अंदर दोनों गुटों के लोग आमने-सामने मारा मारी करने लगे। महिलाओं ने भी एक-दूसरे के बाल पकड़ कर झगड़ा किया। तुलिंज पुलिस ने समय रहते हस्तक्षेप कर मामले को काबू में किया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए मोहम्मद सलीम शेख की शिकायत पर आठ लोगों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया है। वहीं गुलाबसा खान की शिकायत पर दो लोगों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है। यह घटना पुलिस के नियंत्रण की भी सवाल उठाती है, क्योंकि पुलिस थाने के अंदर और बाहर भी हिंसा होने से पुलिस के प्रभाव और नियंत्रण पर प्रश्न चिह्न लग गया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने इस मामले को और ज्यादा तूल दे दिया है। अब सवाल उठ रहा है कि अगर पुलिस थाने में ही ऐसे हालात हैं तो आम जनता की सुरक्षा का क्या भरोसा किया जाए?

अन्य समाचार