हिमांशु राज
अभिनेता राहुल बजाज, प्रतीक शर्मा और पार्थ शाह के नए प्रोजेक्ट ‘तुम से तुम तक’ में बिपिन की भूमिका निभा रहे हैं। यह शो स्टूडियो एलएसडी के बैनर तले बना है। राहुल ने पहली बार इस कहानी का कॉन्सेप्ट सुनते ही आकर्षण महसूस किया, क्योंकि कहानी ताजा और विविध लगी और यह एक आम लव स्टोरी नहीं है। उन्होंने कहा कि इसमें ऐज गैप रिलेशनशिप को सुंदरता से दिखाया गया है, जो हमारे समाज में टैबू माना जाता है। उनका मानना है कि ऐसी कहानियां आमतौर पर या तो नजरअंदाज होती हैं या सनसनीखेज बनती हैं, लेकिन इस शो में ऐज डिफरेंस को बहुत ईमानदारी से दिखाया गया है। लव स्टोरी ताजा है और उसमें कई उतार-चढ़ाव हैं, इसी वजह से दर्शकों को इसे देखना चाहिए और इस इमोशनल रोलर कोस्टर का हिस्सा बनना चाहिए।
अपने किरदार के बारे में उन्होंने बताया कि बिपिन बहुत लेयर्ड है-बाहर से शांत और संतुलित, लेकिन भीतर बहुत सारी हलचल और शरारत रखता है। यह पात्र अपने पिता के अधीन है, दुनिया को करीब से नहीं देखा है, इसलिए उसमें मासूमियत है। किरदार उनके पहले के रोल्स से अलग है, खासकर उसकी बचकानी हरकतों और मासूमियत के कारण। ऑडिशन के वक्त ही राहुल को किरदार की आत्मा का अहसास हो गया था और शूटिंग के साथ ही उसे समझना आसान होता गया। इस किरदार ने उन्हें बहुत चैलेंज नहीं किया, लेकिन इसमें इनोसेंस और बचपना दिखाने के लिए बहुत एनर्जी लगती है।
राहुल को भरोसा है कि दर्शक बिपिन की लापरवाही और मासूमियत से जुड़ेंगे, खासतौर पर अनु के लिए उसके प्रयासों को देखकर। उन्होंने प्रतीक शर्मा और पार्थ शाह के साथ काम करने के अनुभव को बेहद सकारात्मक बताया। उनके अनुसार, दोनों प्रोड्यूसर्स बेहद स्पष्टता और विश्वास के साथ काम करते हैं, खुद पूरी तरह कहानी में इन्वॉल्व रहते हैं और ऐसा माहौल बनाते हैं जिसमें एक्टर्स खुद को एक्सप्लोर और रिस्क ले सकते हैं। उनके मुताबिक, इन प्रोड्यूसर्स का सबसे बड़ा गुण उनका क्रिएटिव इंस्टिंक्ट और इमोशनल इंटेलिजेंस का सुंदर संतुलन है।
