सामना संवाददाता / मुंबई
किसी पर भी आरोप लगाओ, उसकी जिंदगी बर्बाद करो, बदनाम करो, बाद में जब वह भाजपा में आने को तैयार हो जाए, तो आरोप वापस लो और ऐसा दिखाओ, जैसे उसे गंगा स्नान करवा कर पार्टी में लिया गया है। भाजपा की नैतिकता इतनी गिर चुकी है। राजनीति के स्तर को भाजपा ने गिरा दिया है। ऐसे कठोर शब्दों में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने सीएम देवेंद्र फडणवीस पर तंज कसा।
बुधवार को विधानभवन परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान पत्रकारों के सवालों का साफ शब्दों में जवाब देते हुए उन्होंने सत्ताधारी भाजपा पर जमकर निशाना साधा।
उद्धव ठाकरे ने कहा कि भाजपा ने अपने रास्ते के रोड़ा बन रहे हमारे नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए, जिसके चलते हमने १५–२० महत्वपूर्ण लोगों को पक्ष से बाहर कर दिया। अब उन्हीं पर से आरोप हटाकर भाजपा उन्हें अपनी पार्टी में शामिल कर रही है। यह महाराष्ट्र का दुर्भाग्य है कि भाजपा की नैतिकता खत्म हो रही है। भाजपा का राजनीति का स्तर बहुत नीचे चला गया है।
कल दाऊद को भी भाजपा में ले लेंगे!
यह तो सभी जानते हैं कि कोई भी दागी नेता भाजपा में जाते ही स्वच्छ हो जाता है। इसी के मद्देनजर शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने कल भाजपा पर जोरदार हमला करते हुए कहा कि पहले गंभीर आरोप लगाकर प्रताड़ित करना फिर आरोपमुक्त कर गंगास्नान कराकर भाजपा में प्रवेश कराना, यह गंभीर और शर्मनाक है। कल को अगर दाऊद भी भाजपा में आना चाहे, तो वे उसके देशद्रोह के आरोप भी हटा देंगे। पहले सलीम कुत्ता, इकबाल मिर्ची से जुड़े लोगों पर आरोप लगाए, फिर जब वे भाजपा में गए तो उनके आरोप धो दिए। नवाब मलिक पर भी यही हुआ। फडणवीस पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि मैंने अंबादास दानवे से यह बात कही कि आप कहिए कि मैं वापस आऊंगा, क्योंकि वापस आना किसी एक की बपौती नहीं। उन्होंने कहा कि अनिल परब, हम खुद आए। सदन में आना-जाना लगा रहता है, इसमें कुछ नया नहीं।
