खबर मिली है कि हुसैन दलाल की अनाम फिल्म में करीना कपूर भूतनी का रोल निभाने जा रही हैं। वैसे इस खबर से ज्यादा दिलचस्प खबर यह है कि भूतनी के किरदार में वे अपने से बीस साल छोटे एक्टर के साथ रोमांस करती नजर आनेवाली हैं, जो करीना के अनुसार काफी नया होगा। वैसे इससे पहले अपनी फिल्म ‘की एंड का’ में करीना अपनी उम्र से छोटे अर्जुन कपूर के साथ रोमांस करती नजर आ चुकी हैं। वर्ष २०१६ में रिलीज हुई आर. बाल्की की यह फिल्म काफी अनकंवेंशनल स्टोरी पर बनी थी, जिसमें पति की बजाय पत्नी करीना कपूर को कामकाजी और पति अर्जुन कपूर को घरेलू दिखाया गया था। खैर, इस फिल्म की बात करें तो एक एक्ट्रेस का अपनी उम्र से २० वर्ष छोटे एक्टर के साथ काम करना वाकई क्रांतिकारी कदम है, लेकिन हमें डर है कि कहीं उनका हश्र भी मनीषा कोइराला जैसा न हो, जो वर्ष २००२ में आई अपनी एक फिल्म ‘एक छोटी सी लव स्टोरी’ के बाद बॉलीवुड से ही गायब हो गई थीं। खैर, हमारा काम याद दिलाना था, सो हमने याद दिला दिया, बाकी लंबे समय से एक अदद हिट फिल्म की तलाश में लगी करीना कपूर जाने।
