मुख्यपृष्ठनए समाचारमुंबई में खांसी के इलाज को मिली नई दिशा...देश की पहली 'कफ...

मुंबई में खांसी के इलाज को मिली नई दिशा…देश की पहली ‘कफ क्लिनिक’ की हुई शुरुआत

सगीर अंसारी / मुंबई

भारत में खांसी जैसी आम, लेकिन जटिल समस्या के इलाज में अब बदलाव की बयार बहने लगी है। लक्षणों पर आधारित पारंपरिक इलाज से आगे बढ़ते हुए, अब मरीजों को उनकी खांसी की असली वजह जानकर उपचार मिलेगा। इसी उद्देश्य से देश की पहली ‘कफ क्लिनिक’ की शुरुआत गुरुवार को मुंबई के अंधेरी स्थित एक निजी अस्पताल में की गई।
इस नवाचारी क्लिनिक का उद्देश्य खांसी के इलाज में वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाना है, ताकि बार-बार होने वाली खांसी की जड़ तक पहुंचा जा सके। उद्घाटन के पहले ही दिन 50 से अधिक जनरल फिजिशियनों को खांसी के गहन मूल्यांकन, परीक्षण और उपचार पद्धति पर प्रशिक्षण दिया गया।
अब तक खांसी का इलाज आमतौर पर लक्षणों के आधार पर किया जाता रहा है, लेकिन इससे मरीजों को स्थायी राहत नहीं मिल पाती। कई बार बिना स्पष्ट कारण के दवाओं का सेवन करने से साइड इफेक्ट्स की संभावना भी बढ़ जाती है। ‘कफ क्लिनिक’ इस दृष्टिकोण को बदलते हुए इलाज को जड़ से ठीक करने की दिशा में बड़ा कदम है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, एक वयस्क को साल में औसतन तीन बार खांसी होती है, जबकि बच्चों में यह आंकड़ा 7 से 10 बार तक पहुंच जाता है जो कि कोविड-19 बाद इसमें बढ़ोतरी हुई है। बावजूद इसके, जर्नल ऑफ एसोसिएशन ऑफ फिजिशियंस ऑफ इंडिया में छपी रिपोर्ट बताती है कि करीब 70% मामलों में बिना किसी जांच के सिर्फ लक्षणों पर आधारित दवाएं दी जाती हैं। इस पहल को स्वास्थ्य सेवा कंपनी केनव्यू और एसोसिएशन ऑफ फिजिशियन्स ऑफ इंडिया (API) द्वारा संयुक्त रूप से शुरू किया गया है। केनव्यू के मेडिकल हेड डॉ. हर्षद मालवे के अनुसार, अगला लक्ष्य देशभर में 10 ‘कफ सेंटर्स ऑफ एक्सीलेंस’ स्थापित करना है, जो आधुनिक जांच, विशेषज्ञ प्रशिक्षण और जागरूकता के माध्यम से खांसी के इलाज में क्रांतिकारी बदलाव लाएंगे।
इन केंद्रों के ज़रिए डॉक्टरों को खांसी से जुड़ी जटिलताओं को समझने में मदद मिलेगी और मरीज़ों को सटीक निदान के साथ प्रभावी इलाज मिल सकेगा। खांसी को केवल एक आम लक्षण न मानते हुए अब उसका वैज्ञानिक विश्लेषण और सटीक इलाज संभव हो सकेगा। ‘कफ क्लिनिक’ न केवल स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में एक नवाचार है, बल्कि लाखों मरीजों के लिए राहत की नई उम्मीद भी।

अन्य समाचार