राजेश सरकार / प्रयागराज
शहर से लगायत नैनी क्षेत्र के त्रिवेणी नगर मुक्ता विहार मोहल्ले में शिक्षक दंपति के घर का ताला तोड़कर बेखौफ चोरों ने नकदी समेत लाखों के गहने चोरी कर लिए। चोरों का शिकार दम्पति गुजरे मंगलवार को पत्नी का इलाज कराने लखनऊ गए थे। इस दौरान उनके घर को निशाना बनाकर मनबढ़ चोरों ने बंद मकान का ताला तोड़कर 30 हजार नकद और 30 लाख के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। वारदात की जानकारी शिक्षक दंपति को गुरुवार घर आने पर हुई। घटना की जानकारी नैनी पुलिस को दी गई। पुलिस द्वारा जांच-पड़ताल के बाद मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है। जानकारी के अनुसार, नैनी थाना क्षेत्र के मुक्ता विहार मोहल्ले में रहने वाले अरुण श्रीवास्तव और उनकी पत्नी शिवानी श्रीवास्तव दोनों शिक्षक हैं तथा करछना तहसील क्षेत्र में तैनात है। पत्नी शिवानी की बीमारी का इलाज कराने बीते मंगलवार को लखनऊ गए थे। इस बीच मनबढ़ चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसकर कमरे में रखे लोहे की अलमारी तोड़कर उसमें रखे 30 हजार नकदी और सोने का हार, चेन और चांदी के पायल व सोने की अंगूठी समेत करीब 30 लाख के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। पड़ोसियों ने जब मकान का ताला टूटने की सूचना दी तो वह आनन-फानन घर लौटे। देखा तो आलमारी में रखे सारे गहने व नकदी गायब थे। उन्होंने घटना की सूचना नैनी पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है। बता दें कि त्रिवेणी नगर मोहल्ले से सटे टीएसएल रेलवे क्रासिंग के किनारे अवैध रूप से धरकार बस्ती बसी हुई है। जहां कुछ जरायमपेशा तत्व सक्रिय हैं। पुलिस इन पर भी नजर रख रही हैं। अपराध रोकने को यहां नई छिवकी पुलिस चौकी बनाई गई है, लेकिन गश्ती दल कहीं नहीं दिखाई पड़ता।
