सामना संवाददाता / नई दिल्ली
पूरे देश में वोट चोरी का तो मामला गूंज ही रहा है, इसके साथ ही अब पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को ‘राष्ट्रीय बेरोजगार दिवस’ घोषित करते हुए कांग्रेस ने एक नया नारा दिया है, ‘नौकरी चोर, गद्दी छोड़!’ इसके साथ ही, सोशल मीडिया पर कल पूरे दिन ‘राष्ट्रीय बेरोजगार दिवस’ ट्रेंड करता रहा। इस दौरान नेटीजंस ने पीएम के ‘हर साल दो करोड़ नौकरियां’ वाले ‘जुमले’ की याद दिलाते हुए पूछा, कहां हैं दो करोड़ नौकरियां?
बता दें कि भाजपा ने बुधवार को मोदी के जन्मदिन के रूप में मनाने की जोरदार तैयारियां कर रखी थीं, लेकिन ‘नौकरी चोर, गद्दी छोड़’ सरीखे धारदार नारे और ‘राष्ट्रीय बेरोजगार दिवस’ के ट्रेंड ने कांग्रेस की तैयारियों को उस पर भारी कर दिया। ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ नारे की भारी लोकप्रियता के कारण लोगों ने इस नए नारे ‘नौकरी चोर, गद्दी छोड़’ को भी हाथों हाथ लिया और सोशल मीडिया पर मोदी के जन्मदिन पर ‘राष्ट्रीय बेरोजगार दिवस’ ट्रेंड करने लगा। नेटीजंस मोदी को उनके जुमलों की याद दिलाकर सवाल पूछने और मीम्स बनाने लगे। कहा जा सकता है कि कांग्रेस के नए नारे ने भाजपा की सारी तैयारियों का गुड़ गोबर कर दिया। कांग्रेस ने इससे संबंधित कई पोस्टर्स भी सोशल मीडिया पर जारी किए। पूरे दिन राष्ट्रीय बेरोजगार दिवस ट्रेंड करता रहा, जिसमें आम लोगों के साथ ही कई राजनीतिक दिग्गजों व रिटायर्ड अधिकारियों ने भी भाग लेकर मोदी से दो करोड़ नौकरियों से संबंधित सवाल पूछे। एक यूजर ने मोदी को बेरोजगार दिवस की शुभकामनाएं तक दे डालीं, वहीं एक अन्य ‘एक्स’ यूजर ने हर साल बेरोजगारों की जनसंख्या में इजाफा होने का जिक्र करते हुए कहा कि देश में ग्रेजुएट बेरोजगारों की संख्या बहुत ज्यादा बढ़ गई है। एक अन्य यूजर ने कहा कि जबसे मोदी पीएम बने हैं, भारत रोजगार मुक्त देश हो गया है।
एक ‘एक्स’ यूजर ने हर साल बेरोजगारों की जनसंख्या में इजाफा होने का जिक्र करते हुए कहा कि देश में ग्रेजुएट बेरोजगारों की संख्या बहुत ज्यादा बढ़ गई है। एक अन्य यूजर ने कहा कि जबसे मोदी पीएम बने हैं, भारत रोजगार मुक्त देश हो गया है।
सोशल मीडिया पर सवाल-जवाब
सोशल मीडिया पर राष्ट्रीय बेरोजगार दिवस इस कदर ट्रेंड करता रहा कि जाने माने सवाल-जवाब प्लेटफॉर्म ‘क्वोरा’ में भी इस सवाल को जगह मिली है, जिसमें इसका उत्तर देते हुए बताया गया है कि ‘भारत में पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन १७ सितंबर को ‘राष्ट्रीय बेरोजगार दिवस’ के रूप में मनाया जाता है!’
समाजवादी पार्टी ने किया प्रदर्शन
बुधवार को सोशल मीडिया ही नहीं, बल्कि देशभर में जगह-जगह इससे संबंधित कार्यक्रमों का आयोजन कांग्रेस ने किया, जिसमें इंडिया गठबंधन में शामिल विभिन्न पार्टियों ने भी हिस्सा लिया। उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी ने भी कांग्रेस के साथ मिलकर कई जगहों पर बेरोजगार दिवस के मौके पर प्रदर्शन करते हुए ‘नौकरी चोर, गद्दी छोड़’ के नारे बुलंद किए।
