मुख्यपृष्ठनए समाचारमनपा की लापरवाही फिर आई सामने...ट्रॉमा सेंटर में दो दिन पड़ा रहा...

मनपा की लापरवाही फिर आई सामने…ट्रॉमा सेंटर में दो दिन पड़ा रहा शव किसी को खबर तक नहीं!.. गहरी नींद में सोता रहा अस्पताल प्रशासन

सामना संवाददाता / मुंबई

मुंबई मनपा की घोर लापरवाही एक बार फिर सामने आई है, जिसमें जोगेश्वरी के ट्रॉमा सेंटर में दो दिन तक शव पड़ा रहा और किसी को खबर तक नहीं लगी। सीसीटीवी फुटेज में २० सितंबर को दर्ज हुई मौत साफ दिखाई दी। इसके बावजूद अस्पताल प्रशासन गहरी नींद में सोता रहा। इस चौंकाने वाली घटना ने न केवल सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है, बल्कि मरीजों और नागरिकों के बीच आक्रोश भी भड़काया है।
जोगेश्वरी पूर्व स्थित महानगरपालिका के ट्रॉमा केयर सेंटर में मनपा की लापरवाही के कारण नागरिकों का भरोसा डगमगाया है। मरीजों की सेवा तो दूर, शव दो दिन तक पड़ा रहा और प्रशासन को खबर तक नहीं लगी, यह गंभीर और चिंता का विषय है। मुंबई जैसे महानगर में जहां हर दिन हजारों मरीज इलाज के लिए जूझते हैं, वहां इतनी बड़ी लापरवाही होने से जनता में तीव्र रोष है। लोगों का आरोप है कि एक ओर अस्पतालों में बेड नहीं मिलते, दवाइयों की कमी रहती है और दूसरी ओर प्रशासन की इस उदासीनता से लोगों की जान खतरे में पड़ रही है। मंगलवार को मिले शव ने प्रशासन में हड़कंप मचा दिया।
२० सितंबर को सीसीटीवी में कैद मृतक
ट्रॉमा केयर सेंटर अस्पताल के सीसीटीवी में मृतक २० सितंबर को मोर्चरी के पीछे के हिस्से में जाता हुआ दिखाई देता है। इसके बाद वह मृत अवस्था में मिला, यानी मंगलवार को मिला शव वास्तव में २० सितंबर की रात का ही था, लेकिन दो दिन तक किसी ने ध्यान नहीं दिया। इतने बड़े अस्पताल में सुरक्षा और निगरानी की इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हो सकती है? यह सवाल नागरिक उठा रहे हैं।
दो दिन प्रशासन को खबर नहीं
अस्पताल प्रशासन और सुरक्षा कर्मचारी दो दिन तक पूरी तरह अनजान बने रहे। ट्रॉमा केयर जैसी संवेदनशील सेवा में इस तरह की लापरवाही बेहद गंभीर है। यह घटना न केवल मृत व्यक्ति का अपमान है, बल्कि पूरे अस्पताल प्रबंधन की उदासीनता का उदाहरण है। इस पर तुरंत कार्रवाई न होने पर नागरिकों का भरोसा पूरी तरह टूट जाएगा, यह तय है।

अन्य समाचार