-गद्दार सांसदों के निर्वाचन क्षेत्र की जनता से संवाद करेंगे उद्धव ठाकरे
`उद्धव ठाकरे ने कहा कि शिवसेना किसकी है, यह कोई बाहरी या गैर व्यक्ति तय नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि शिवसेना एक ही है और वह हिंदूहृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे की शिवसेना है। कोई भी बाहरी व्यक्ति या अचानक आकर राजनीति करने वाला नेता यह तय नहीं कर सकता कि शिवसेना किसकी है।’
सामना संवाददाता / मुंबई
शिवसेना से गद्दारी कर अलग होनेवाले नेताओं के खिलाफ रविवार को ईशान्य मुंबई में विरोध और असंतोष की ज्वाला देखने को मिली। शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने क्षेत्र की विभिन्न शाखाओं का दौरा किया, जहां बड़ी संख्या में शिवसैनिकों और नागरिकों की भीड़ उमड़ी। कई स्थानों पर यह कार्यक्रम जनसभा का रूप लेता दिखाई दिया। इस दौरान उद्धव ठाकरे ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और पार्टी छोड़कर जानेवाले नेताओं पर तीखा हमला बोला।
शिवसैनिक तय करेंगे शिवसेना का नेतृत्व कौन करेगा
ईशान्य मुंबई के सांसद संजय दीना पाटील के चुनाव क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में उद्धव ठाकरे ने अमित शाह के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि शिवसेना एकनाथ शिंदे की है। उद्धव ठाकरे ने कहा कि भाजपा में कोई भी व्यक्ति अध्यक्ष बन सकता है, लेकिन शिवसेना में शिवसेनाप्रमुख का पद केवल एक ही होता है और जनता भी उसी परंपरा को स्वीकार करती है।
उन्होंने कहा कि शिवसेना की स्थापना भूमिपुत्रों के अधिकारों के लिए हुई थी। इस पार्टी का नेतृत्व कौन करेगा, यह महाराष्ट्र की जनता और शिवसैनिक तय करेंगे। उद्धव ठाकरे ने कहा कि उन्हें किसी विशेष सुरक्षा की आवश्यकता नहीं है और वे आज भी आम लोगों के बीच जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि शिवसैनिक ही उनकी सबसे बड़ी ताकत हैं। इस दौरान उन्होंने पार्टी छोड़कर गए नेताओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शिवसैनिकों की मेहनत और संगठन की ताकत के कारण कई नेता चुनाव जीतकर संसद तक पहुंचे, लेकिन बाद में उन्होंने पार्टी छोड़ दी।
सांसद संजय दीना पाटील का नाम लिए बिना उद्धव ठाकरे ने कहा कि यदि शिवसैनिकों ने मेहनत नहीं की होती और पार्टी ने अवसर नहीं दिया होता तो कुछ लोग कभी सांसद नहीं बन पाते। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी और कार्यकर्ताओं के विश्वास का दुरुपयोग किया गया है।
गद्दार सांसदों के निर्वाचन क्षेत्र की जनता से संवाद करेंगे उद्धव ठाकरे
शिवसेना से गद्दारी करने वाले ६ सांसदों के चुनाव क्षेत्र में शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे दौरा करेंगे। वहां वे क्षेत्र की जनता से संवाद साधेंगे और अपने विचार रखेंगे। इसी वजह से उद्धव ठाकरे के इस दौरे को विशेष महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उद्धव ठाकरे के इस दौरे से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल बना हुआ है। हाल ही में राज्य के छह सांसदों द्वारा पार्टी से गद्दारी के निर्णय के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
